छात्रा ने दोस्त को वीडियो कॉलिंग कर लगाई फांसी

दोस्त के पहुंचने से पहले छात्रा ने दम तोड़ा
ग्वालियर। कोतवाली थाना क्षेत्र में छात्रा ने पहले अपने दोस्त को वीडियो कॉलिग की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोस्त जब तक छात्रा को बचाने के लिए घर तक पहुंच पाता, तब तक देर हो चुकी थी। आत्महत्या का कारण दोस्त से नाराज होना बताया गया है। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
दाल बाजार स्थित सोने की बगिया निवासी वर्षा उर्फ सृष्टि पुत्री अनिल जैन 20 वर्ष शाम के समय घर पर अकेली थी। उसके माता-पिता मंदिर पर गए थे। इसी दौरान वर्षा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा वर्षा ने फांसी लगाने से पहले अपने दोस्त को वीडियो कॉलिंग की थी। दोस्त वीडियो कॉलिंग देख घबरा गया और जब तक छात्रा के घर पहुंंचता, तब तक देर हो चुकी थी। फांसी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आत्महत्या का कारण मृतका का अपने दोस्त से नाराज होना बताया गया है। वर्षा के फांसी लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कमरे का मुआयना करने के बाद शव को विच्छदेन गृह भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।
