मां ने प्रेमी से करवाई मासूम बेटे की हत्या

मां ने प्रेमी से करवाई मासूम बेटे की हत्या
X
मुरैना के सबलगढ़ में मिला शव, सम्पत्ति पर थी मां की निगाहें

ग्वलियर। रहस्यमय ढंग से लापता मासूम का शव घर से सैकड़ों किमी दूर जंगल में पड़ा मिला। निर्दयी मां ने ही अपने कलेजे के टुकड़े को मौत के घाट उतारने के लिए प्रेमी को सौंपा था। प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मासूम की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर उसके खुलासे के बाद प्रेमी संदीप और उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया।

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरा मोतीझील निवासी धर्मेन्द्र शर्मा के आठ वर्षीय मासूम बेटे विनीत शर्मा 8 वर्ष का कंकाल मुरैना सबलगढ़ ठाकुर बाबा के जंगल से बरामद किया है। विनीत शर्मा 13 जुलाई को घर से लापता हो गया था। मां सपना ने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, पुलिस मासूम के लापता हो जाने पर उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को मां सपना शर्मा की गतिविधियों पर शंका हुई तो उसे थाने बुलाकर पूछताछ की तो वह टूट गई। पुलिस को उसने जो कहानी सुनाई उसे सुनकर पुलिस के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। सपना के मुंह से बेटे विनीत की हत्या का सुनते ही बहोड़ापुर पुलिस सबलगढ़ रवाना हो गई। विनीत की हत्या सपना ने अपने प्रेमी संदीप जाटव से कराई थी। 13 जुलाई को मां सपना ने विनीत को प्रेमी संदीप जाटव को सौंपा था। संदीप अपने दोस्त फिरोज व कुलदीप के साथ उसे लेकर मुरैना से होते हुए सबलगढ़ ठाकुरबाबा के पास पहुंंचा। यहां पर प्रेमी और उसके साथियों ने मासूम की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव चम्बल नदी के पास बीहड़ों में फेंक दिया था। मासूम की हत्या करने के बाद हत्यारे शहर में आए। सपना के राजफाश करते ही पुलिस ने उसके प्रेमी संदीप जाटव और फिरोज व कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के बारे में पूछताछ कर रही है।

नहीं पसीजा मां का दिल

सपना शर्मा का दिल उस समय तनिक भी नही पसीजा जब उसने अपने कलेजे के टुकड़े को हत्या करने के लिए प्रेमी को थमा दिया। अगले दिन बेटे की हत्या करने के बाद प्रेमी संदीप ने सपना को सूचना भी दे दी थी। सपना बेटे की हत्या की खबर मिलने के बाद भी आराम से अपने कामकाज में व्यस्त थी। घर से लाते समय उसने घुमाने के लिए लाकर बेटे को संदीप के हवाले किया था।

सम्पत्ति बनी हत्या की वजह

विनीत के दादा अपनी सम्पत्ति पोते के नाम करना चाहते थे। संभवत: उन्होंने उसकी लिखापढ़ी भी कर दी थी। जबकि मां सपना चाहती थी कि सम्पत्ति उसे मिल जाए तो वह उसे बेचकर प्रेमी के साथ फरार हो जाए। सपना के पति धर्मेन्द्र की दिमागी हालत ठीक नहीं बताई गई है और वह लम्बे समय से बीमार भी हैं। धर्मेन्द्र की बीमारी के चलते ही सपना की संदीप से मुलाकात हुई थी जो बाद में अवैध संबंध में बदल गई।

जानवरों ने नोंच डाला शव कंकाल में बदला

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि विनीत के शव को श्वान नोचकर खा गए है। पुलिस को जंगल से मासूम का कंकाल बरामद हुआ है। कंकाल को बरामद कर लिया गया है। नौ दिन पुराना शव हो जाने के कारण कुछ मिला नहीं है। चम्बल नदी के पास जंगल में जानवरों ने शव को बुरी तरह नोच दिया है।

ससुर की बंदूक चोरी कर प्रेमी को दी

सपना काफी शातिर महिला है, वह घर में शातिराना दिमाग लगाकर कुछ न कुछ करती रहती थी। सपना शर्मा ने ससुर की लायसेंसी बंदूक को चोरी करके प्रेमी संदीप जाटव को थमा दी और बाद में गुमराह करने के लिए चोरी की कहानी बना दी थी। पुलिस संदीप से बंदूक बरामद करने का प्रयास कर रही है।

14 जुलाई को की थी हत्या

पुलिस का कहना है कि 13 जुलाई को विनीत का अपहरण करके ले जाने के बाद संदीप 14 जुलाई को विनीत को लेकर सबलगढ़ पहुंंचा। योजना के मुताबिक उसने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की और फरार हो गया।

कॉल डिटेल भी बनी अहम सबूत

सपना और उसके प्र्रेमी संदीप जाटव के बीच लगातार कई बार मोबाइल पर बातचीत होती थी। पुलिस को सपना पर बातचीत के दौरान शंका तो हो ही गई थी जब उसकी कॉल डिटेल निकलवाई तो शंका यकीन में बदल गई। इतनी बार संदीप से बात करने का पुलिस ने सपना से कारण और संबंध पूछे तो वह सकपका गई। सपना बेटे की हत्या का राज नहीं छिपा सकी और उसने हत्या करवाना स्वीकार कर लिया।

पुत्रवधु के चाल-चलन पर थी शंका

ससुर को विनीत की मां के चाल-चलन का पता लग गया था। उन्होंने निर्णय कर लिया था कि सम्पत्ति को पोते के नाम कर देंगे, ससुर की योजना का पुत्रवधु को पता चला तो उसने वह कदम उठा लिया जिसे वह कभी नहीं भुला सकती। बेटे की हत्या करवाने के बाद उसका सम्पत्ति को बेचने के बाद प्रेमी के साथ भागने का प्लान था।

Tags

Next Story