जज के साथ अभद्रता , पुलिसकर्मियों ने रोकी कार, डेढ़ घंटे किया परेशान

जज के साथ अभद्रता , पुलिसकर्मियों ने रोकी कार, डेढ़ घंटे किया परेशान
X

ग्वालियर । श्रम न्यायालय जा रहे जज की कार को सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक ने मोतीमहल परिसर में उस समय रोक लिया, जब कांग्रेस का धरना प्रदर्शन चल रहा था। जज द्वारा अपना परिचय दिए जाने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोके रखा जिसके चलते जज करीब डेढ़ घण्टे तक धरने में फंसे रहे। मामले की जानकारी जब वरिष्ठ अधिकारियों को मिली, तब कहीं जाकर उन्हें कार्यालय जाने दिया गया। इस मामले की शिकायत उन्होंने पुलिस अधीक्षक से की है।

सोमवार को मोती महल परिसर में पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन चल रहा था। पुलिस ने मोती महल जाने वाले दोनों रास्तों को बैरीकेट्स लगाकर रोक दिया था। श्रम न्यायालय में जज अपनी कार से कार्यालय जा रहे थे तभी सहायक उपनिरीक्षक कोमल सिंह और आरक्षक जयसिंह ने जज की कार को रोक लिया। जज ने अपना परिचय देते हुए श्रम न्यायालय जाने की बात कही, लेकिन दोनों पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी और आगे जाने से रोक दिया। बताया गया है कि जज ने अपना परिचय पत्र भी दिखाया। बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने उनको आगे जाने से मना कर दिया। धरना प्रदर्शन में जज डेढ़ घण्टे तक फंसे रहे। इस दौरान उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पुलिसकर्मियों की अभद्रता के बारे में बताया। मामले का पता चलते ही वायरलैस सेट पर मैसेज चलाया गया। डेढ़ घण्टे के बाद जज को श्रम न्यायालय जाने दिया गया। जज ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले की शिकायत की है।

Tags

Next Story