महिला की मौत के बाद स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट

महिला की मौत के बाद स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट
X
दो संदिग्ध हुए भर्ती, जांच के लिए भेजे नमूने

ग्वालियर। डेंगू व मलेरिया के बाद अब ग्वालियर अंचल में स्वाइन फ्लू ने भी दस्तक दे रही है। अशोकनगर जिले की एक गर्भवती महिला की स्वाइन फ्लू से मौत का मामला सामने आया है। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने ग्वालियर जिले में भी अलर्ट जारी करते हुए स्वाइन फ्लू को लेकर अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि ग्वालियर में स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मरीज भी अस्पतालों में भर्ती हुए हैं, जिनमें एक महिला महोबा और दूसरी महिला मुरैना की है। इन दोनों महिलाओं के रक्त नमूने जांच के लिए डीआरडीई भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट संभवत: बुधवार को आएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मृदुल सक्सेना का कहना है कि ग्वालियर जिले में अभी स्वाइन फ्लू के वायरस का असर या लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन इस बीमारी को लेकर एक अगस्त को ही जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया था। इसके साथ ही जयारोग्य अस्पताल, जिला अस्पताल, बीआईएमआर हॉस्पिटल में व्यवस्थाएं बेहतर रखने के साथ जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए जा चुके हैं, जबकि हकीकत यह है कि जिला अस्पताल में अभी तक न तो कोल्ड ओपीडी शुरू की गई है और न ही स्वाइन फ्लू के मरीजों को भर्ती करने के लिए आईसोलेशन वार्ड शुरू किया गया है।

ऐसे फैलता है स्वाइन फ्लू

स्वाइन फ्लू इंफ्लूएंजा-ए वायरस का प्रकार एच-1 एन-1 से स्वाइन फ्लू होता है। साधारण फ्लू के वायरस की तरह ही स्वाइन फ्लू भी फैलता है। इससे संक्रमित व्यक्ति के झींकने व खांसने से दूसरे व्यक्ति तक ये वायरस पहुंचता है। ये वायरस 24 घण्टे तक जिन्दा रहता है। स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए वैक्सीग्रिप के टीके लगाए जाते हैं और संक्रमित व्यक्ति को टेमीफ्लू दवा दी जाती है।

स्वाइन फ्लू के लक्षण

बुखार, सर्दी, जुकाम, सूखी खांसी, थकान होना, सिरदर्द और आंखों से पानी आना आदि स्वाइन फ्लू के लक्षण हैं। अगर किसी को इस तरह की परेशानी हो रही है तो उसे तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सक की सहाल लेना चाहिए।

Tags

Next Story