ग्वालियर,न.सं.। मंगलवार सुबह निगमायुक्त किशोर कान्याल जब मेला ग्राउंड स्थित कचरा संग्रहण स्टेशन पहुंचे तो वहां पड़ी गंदगी देख उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जब कचरा संग्रहण स्टेशन पर ही सफाई नहीं होगी तो शहर में कैसे होगी। गंदगी देख निगमायुक्त का पारा हाई हो गया और वहां पर अव्यवस्था मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी फटकार लगाई सास्नद्म ही कचरा संग्रहण स्टेशन प्रभारी राकेश कश्यप को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके स्थान पर क्षेत्राधिकारी अमित गुप्ता को ट्रांसफर स्टेशन का दायित्व सौंपा।
ईको ग्रीन कंपनी के कर्मचारी आनंद राव व प्रभात को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विनय नगर सेक्टर 3 में दुकानों के गंदगी करने पर फटकार लगाई गई। साथ ही जुर्माने की कार्यवाही की और स्वच्छता का नारा भी दुकानदारों से लगवाया गया। विनय नगर स्थित लोक सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया और कहा कि लोक सेवा केन्द्र पर आने वाले हितग्राहियों को बिना उचित कारण परेशान न किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री अतेन्द्र गुर्जर, अधीक्षण यंत्री आरएलएस मौर्य, कार्यपालन यंत्री जागेश श्रीवास्तव, सीसीओ शुशील कटारे, मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शहर की कॉलोनियों में न हो जलभराव
श्री कान्याल ने शहर में स्थित नालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान शहर की कॉलोनियों में जल भराव की स्थिति पैदा न हो इससे पहले ही नगर निगम की ओर से सभी इंतजाम किए जाएं।
लोगों से पूछा पानी आ रहा है या नहीं
निगमायुक्त श्री कन्याल ने नवीन अमृत योजना पानी की टंकियों से पानी प्रदाय किया जाने लगा है, इसी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सडक़ों पर उतर सभी व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने विनय नगर में लोगो के घर घर पहुंच कर पानी के बारे पूछा, जिस पर लोगो ने अपनी संतुष्टि जाहिर की।
कचरा स्टेशन पर इनकी थी जिम्मेदारी
कचरा स्टेशन पर एसआई निखिल, हरिकेश बाबा,राकेश करोसिया को प्रत्येक दिन निगरानी करनी थी। लेकिन यह तीनों ही कचरा स्टेशन पर नहीं आते थे। उधर एक दिन पहले ही मशीन के कुछ उपकरण खराब हो गए, जिसके चलते प्लांट बंद रहा। बताया जा रहा है कि जल्द ही यहां पर कुछ कर्मचारियों पर निगमायुक्त कार्रवाई कर सकते है।
दुकानदारों से कहा रोड को बिल्कुल खराब न करें
अपर आयुक्त अतेन्द्र गुर्जर ने इंदगंज चौराहे पर डाली जा रही डामरीकरण रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण रोड बनाये जाने के साथ ही नाली निर्माण के लिएभी निर्देशित किया तथा दुकानदारों से कहा कि नवनिर्मित रोड को खराब न करें वरना जुर्माने की कार्यवाही की जाएगी।