Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > ग्वालियर में खुलेगा निजी मेडिकल कॉलेज, मुख्यमंत्री ने किया देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस का भूमिपूजन

ग्वालियर में खुलेगा निजी मेडिकल कॉलेज, मुख्यमंत्री ने किया देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस का भूमिपूजन

ग्वालियर में खुलेगा निजी मेडिकल कॉलेज, मुख्यमंत्री ने किया देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस का भूमिपूजन
X

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारा संकल्प है कि धन के अभाव में कोई भी गरीब बिना इलाज के नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार जरूरतमंद गरीब मरीज का पाँच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज निजी अस्पतालों में भी करा रही है। सरकार जल्द ही राष्ट्रपति महोदय के कर कमलों से प्रदेश में कई अस्पतालों का लोकार्पण व शिलान्यास कराने जा रही है।

मुख्यमंत्री चौहान रविवार को ग्वालियर में देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस एवं अस्पताल के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मंचासीन थे। इस अवसर पर प्रदेश के मंत्रीगण तुलसीराम सिलावट, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह, ओपीएस भदौरिया व सुरेश धाकड़, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर कमल माखीजानी व ग्रामीण कौशल शर्मा, डीआईएमएस की चेयरमेन शरवती सिंह किरार, सचिव डॉ. सलोनी सिंह धाकड़ व कोषाध्यक्ष साक्षी किरार भी मौजूद रहे।

समारोह में मुख्यमंत्री चौहान ने उम्मीद जाहिर की कि यह अस्पताल केवल धन कमाने का जरिया नहीं बनेगा, अपितु परोपकार की भावना के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग सहित आस-पास के अन्य क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधायें मुहैया कराएगा। यह मेडीकल कॉलेज व अस्पताल ग्वालियर-चंबल संभाग को नई दिशा देगा। हमारी शुभकामनाएं हैं कि यहाँ से पढ़कर निकले विद्यार्थी अच्छे डॉक्टर बनें।

उन्होंने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में निजी मेडीकल कॉलेज व अस्पताल शुरू करने के लिये करन सिंह किरार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पुत्र स्व. देवराज की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिये अस्पताल खोलकर जनसेवा का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर की पवित्र धरती पर हम संकल्प लेते हैं कि ग्वालियर-चंबल संभाग के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा आजादी के अमृत महोत्सव की पुण्य बेला में ग्वालियर के विकास के लिये स्वर्णिम काल चल रहा है। ग्वालियर में जल्द ही एक हजार बिस्तर का अस्पताल शुरू होगा। साथ ही एलीवेटेड रोड़, अत्याधुनिक एयरपोर्ट, केन्द्रीय स्तर की कृषि संस्थायें इत्यादि सहित अन्य विकास कार्य ग्वालियर में मूर्तरूप ले रहे हैं। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि सभी के लिए रोटी, कपड़ा, पढ़ाई, लिखाई और रोजगार का इंतजाम हो। आरंभ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य अतिथियों ने कन्या पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस का भूमिपूजन किया।

महिला सशक्तिकरण का उत्तम उदाहरण है यह संस्थान -

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस महिला सशक्तिकरण का एक उत्तम उदाहरण बनने जा रहा है। खुशी की बात है कि इस संस्थान की चेयरमेन शरवती किरार, सचिव डॉ. सलोनी सिंह धाकड़ व कोषाध्यक्ष साक्षी किरार हैं। उन्होंने कहा कि हमारा हमेशा से विश्वास रहा है कि बेटियाँ अस्पताल ही नहीं सारी दुनिया चला सकती हैं।

प्रदेश में मेडीकल सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है -

केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारे देश व राज्य की बड़ी आबादी है। इतनी बड़ी आबादी को शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएँ मुहैया कराना बड़ी चुनौती रहती है। केन्द्र व राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर मेडीकल सुविधाएँ जुटाने का काम किया है। साथ ही निजी क्षेत्र एवं स्वयंसेवी संस्थायें भी चिकित्सा सेवाएँ देने में अपना योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर जिले में मेडीकल कॉलेज खोलने का बीड़ा उठाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में इस काम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया गया है। उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने राज्य में पूर्व से स्थापित मेडीकल कॉलेजों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन के साथ-साथ सागर में मेडीकल कॉलेज खोला गया है। साथ ही रतलाम से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों तक नए मेडीकल कॉलेज खोले गए हैं। तोमर ने कहा कि ग्वालियर के लिये आज ऐतिहासिक दिन है। आज निजी क्षेत्र में देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस की नींव रखी गई है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि यह नया प्रतिष्ठान ग्वालियर के गौरव को और आगे बढ़ायेगा।

हवाई सेवाओं के विस्तार से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने में मिलेगी मदद -

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर ग्वालियर सहित समूचे प्रदेश को देश भर से बेहतर हवाई सेवाओं से जोड़ा जा रहा है। आगामी 3 जून से दिल्ली, भोपाल, ग्वालियर व जबलपुर के लिये नई फ्लाइट शुरू होने जा रही हैं। साथ ही तीन दिन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के लिये भी फ्लाइट उपलब्ध होगी। बेहतर हवाई सेवा का लाभ स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी मिलेगा। जरूरत पड़ने पर देश के अन्य शहरों से विशेषज्ञ चिकित्सक ग्वालियर बुलाए जा सकेंगे।

उन्होंने आशा जताई कि देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस जीवन दाता के रूप में काम करेगा। साथ ही प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शायद यह पहला मेडीकल संस्थान है जिसके संचालन की सम्पूर्ण बागडोर महिलाओं के हाथ में है। सिंधिया ने कहा कि हमारी संस्कृति में पहला देवता चिकित्सक, दूसरा ज्ञानदाता यानि शिक्षक और तीसरा देवता अन्नदाता माना जाता है। हमारे देश के अन्नदाता अपने देश का ही नहीं दुनियाभर का पेट भर रहे हैं।

अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा मुहैया करायेगा डीआईएमएस -

देवराज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंस कुल 780 बैडेड होगा। जिसमें आईसीयू की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अस्पताल प्रथम चरण में 300 बिस्तरों के साथ शुरू होगा। दूसरे चरण में भी 350 बिस्तरों के साथ-साथ एमबीबीएस की 150 सीटों की पढ़ाई प्रारंभ होगी। साथ ही अत्याधुनिक ट्रामा सेंटर, जनरल एवं प्राइवेट वार्ड, कैंसर, न्यूरो एवं अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज की यूनिट, नर्सिंग कॉलेज, छात्रावास सहित अत्याधुनिक हॉस्पिटल के जरूरी सभी तरह की सुविधायें उपलब्ध होंगीं।

Updated : 2 Jun 2022 12:41 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top