Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश > ग्वालियर

चेम्बर के चुनाव 18 जनवरी को, अगली कार्यकारिणी में होगी चुनाव अधिकारी की नियुक्ति

चेम्बर के चुनाव 18 जनवरी को, अगली कार्यकारिणी में होगी चुनाव अधिकारी की नियुक्ति


चेम्बर के चुनाव 18 जनवरी को अगली कार्यकारिणी में होगी चुनाव अधिकारी की नियुक्ति

ग्वालियर, न.सं.। मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनावों की तिथि अंतत: शनिवार 10 दिसंबर को आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में घोषित कर दी गई जो कि 18 जनवरी 2023 है। खास बात यह रही कि इस बार चुनाव तिथि को लेकर किसी भी पदाधिकारी अथवा कार्यकारिणी सदस्य ने कोई विरोध नहीं किया। साथ ही माहेश्वरी समाज, जैन समाज और चेम्बर के प्रतिनिधि मंडल के बाहर जाने के विषय पर भी चर्चा के बाद तिथि का निर्णय लिया गया। अगली कार्यकारिणी सभा में चुनाव अधिकारी की घोषणा के साथ ही समूचा कार्यक्रम भी पेश कर दिया जाएगा।

चेम्बर कार्यकारिणी की बैठक में 13 बिन्दुओं का एजेंडा जारी किया गया था जिसमें चुनाव विषय को सबसे आखरी में रखे जाने से यह संभावना जताई गई थी कि कहीं इस विषय पर चर्चा हो पाएगी भी या नहीं। लेकिन चुनाव पर चर्चा सकारात्मक रही। 18 जनवरी 2023 की तिथि ऐसी चुनी गई जिसमें किसी भी समाज अथवा चेम्बर सदस्य को दिक्कत नहीं होगी।

विरोध के बीच माहेश्वरी बने संरक्षक सदस्य - 

उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके मोहन माहेश्वरी की ओर से 21 हजार रुपए के चेक के साथ सदस्य फर्म महेन्द्र कुमार अनिल कुमार को संरक्षक सदस्य बनाए जाने के मुद्दे पर काफी लंबी बहस चली, जिस वजह से न सिर्फ इस विषय को बार-बार आगे खिसकाया गया बल्कि इस पर निर्णय भी सबसे आखरी में ही लिया गया। वरिष्ठ सदस्य रामनिवास अग्रवाल ने इस मामले छहों पदाधिकारियों की राय मांगी जिस पर उपाध्यक्ष पारस जैन ने संरक्षक सदस्य बनाए जाने पर घोर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि दूर दृष्टि से यह ठीक नहीं होगा। इसी तरह संयुक्त सचिव बृजेश गोयल ने कहा कि ऐसी परंपरा ठीक नहीं होगी। संयुक्त अध्यक्ष प्रशांत गंगवाल ने कहा कि जैसा सभी की राय हो वैसा निर्णय लिया जाए। मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल कुछ नहीं बोले। वहीं कोषाध्यक्ष वसंत अग्रवाल ने माहेश्वरी की तारीफ के साथ यह कहा कि सभी जो चाहे वह निर्णय मान्य होगा। माहेश्वरी के पक्ष में लंबी बहस संजीव अग्रवाल कुक्कू ने की। उनका कहना था कि संरक्षक सदस्य बनाए जाने के लिए चेम्बर कार्यकारिणी और साधारण सभा की न के बाद श्री माहेश्वरी उप पंजीयक फर्म एण्ड सोसायटी में अपील करने पहुंचे थे जिस पर संरक्षक सदस्य बनाए जाने का रास्ता साफ हुआ। इसलिए हमें उप पंजीयक के निर्णय को मानना होगा। उनका समर्थन राकेश बंसल, अभिनंनदन जैन,संदीप नारायण अग्रवाल, सुनील गर्ग ने किया जबकि पारस जैन के अलावा पुरूषोत्तम गुप्ता व उमेश उप्पल विरोध करते दिखे। अंत में अध्यक्ष विजय गोयल ने मोहन माहेश्वर संरक्षक बनाए जाने की घोषणा की।

दो नए बिंदुओं के साथ होंगे चुनाव 

उप पंजीयक फर्मस एण्ड सोसायटी ने चेम्बर द्वारा भेजे 17 बिन्दुओं में से सिर्फ दो ही संशोधन के लिए मंजूर किए। इस विषय पर चर्चा होने पर सर्व सम्मत्ति से उक्त दो नए बिन्दुओं के संशोधन के साथ चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। यह दो बिन्दु शहर से बाहर के कार्यकारी सदस्य का चुनाव लडऩे वाले का परिचय पत्र बाहर का ही होना चाहिए। दूसरा अब बाहर के सदस्य को स्वयं आकर मतदान करना होगा। उसे मत पत्र नहीं भेजा जाएगा।

जैना ज्वेलर्स को देंगे मानहानि का नोटिस:-

पिछले दिनों जैना ज्वेलर्स के संचालक मनोज जैन द्वारा चेम्बर को इस्तीफा भेजते हुए उपाध्यक्ष पारस जैन के लिए काफी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए चेम्बर को दलालों का अड्डा तक लिख दिया था। कार्यकारिणी ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए निंदा के साथ मानहानि का नोटिस देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सदस्य सीताराम धाकड़ के अभिभाषक गोविन्द सिंह चौहान द्वारा कथित फर्जी सदस्यता मामले में दिए गए नोटिस पर यह बात सामने आई की इस विषय पर पहले ही जबलपुर उच्च न्यायालय अपना निर्णय दे चुका है। इसलिए संबंधित सदस्य को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा।

इनका कहना है:-

'कार्यकारिणी की बैठक में चेम्बर चुनाव की तिथि सभी की सहमति से 18 जनवरी 2023 तय की गई है। चुनाव अधिकारी और विस्तृत कार्यक्रम अगली कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।'

विजय गोयल

अध्यक्ष, चेम्बर ऑफ कॉमर्स

Related to this topic: