Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश > ग्वालियर

बानमोर से सुमावली के बीच तैयार होने लगा ब्रॉडगेज का ट्रैक

बानमोर से सुमावली के बीच तैयार होने लगा ब्रॉडगेज का ट्रैक

ब्राडगेज प्रोजेक्ट को तीन चरणों में पूरा होना है


बानमोर से सुमावली के बीच तैयार होने लगा ब्रॉडगेज का ट्रैक

ग्वालियर,न.सं.। ग्वालियर-मुरैना-श्योपुर ब्राडगेज लाइन का काम गति पकड़ रहा है। एक ओर से छोटी रेल की पटरियों को उखाडऩे का काम चल रहा है तो दूसरे छोर से ब्राडगेज ट्रेन की पटरियां बिछाने के लिए ट्रैक भी तैयार होता जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए तीन चरण रखे गए हैं। पहले चरण में बानमोर से सबलगढ़ तक का काम चल रहा है, जिस पर साल 2024 तक ब्राडगेज पैसेंजर ट्रेन चलाने का लक्ष्य मानकर काम हो रहा है।

2912.96 करोड़ रुपये के ब्राडगेज प्रोजेक्ट को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में बानमोर से लेकर सबलगढ़ तक 65 किलोमीटर में 50 छोटे पुल, बिरला नगर से सबलगढ़ के बीच 10 बड़े पुलों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बानमोर से सुमावली की ओर ब्राडगेज की पटरियां बिछाने के लिए जमीन से करीब 20 फीट ऊंचाई पर रेलवे ट्रैक तैयार किया जा रहा है। बानमोर में करीब बानमोर से सुमावली तक नैरोगेज लाइन की पटरियां उखड़ चुकी हैं, वहीं सबलगढ़ से जौरा तक पटरियां उखाडऩे का काम कई जगह पूरा हो गया है, तो कई जगह काम चल रहा है। बानमोर गांव के पुराने रेलवे स्टेशन से सुमावली की ओर कई किलोमीटर का ब्राडगेज का ट्रैक तैयार भी हो चुका है। यह देखने में टू-लेन सडक़ जितना चौड़ा है। अब इस पर पटरियां बिछने के बाद गिट्टी डलनी हैं। हालांकि इस काम में अभी समय लगेगा, क्योंकि बानमोर से सबलगढ़ तक ऐसा ही ट्रैक तैयार होने के बाद पटरियां बिछाने का काम चलेगा। जिस गति से काम चल रहा है, उससे संभावनाएं जताई जा रही हैं, कि दो साल के भीतर बानमोर से सबलगढ़ के बीच 2024 तक पैसेंजर ब्राडगेज ट्रेन चल सकती है। पहले ग्वालियर से सबलगढ़ तक नैरोगेज के सफर को छह से सात घंटे लगते थे, ब्राडगेज से यह डेढ़ से पौने दो घंटे में पूरा हो जाएगा।

बानमोर-सबलगढ़ के बीच बी श्रेणी के बनेंगे स्टेशन

बानमोर रेलवे स्टेशन से सबलगढ़ के बीच नौ रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें जौरा, कैलारस व सबलगढ़ के रेलवे स्टेशन बी श्रेणी के बनाए जाएंगे। बी क्लास से तात्पर्य है कि उन स्टेशनों पर दोनों तरफ की ट्रेनों की क्रासिंग की सुविधा होगी। रेलवे स्टेशन बनाने पर करीब 48 करोड़ रुपए का बजट खर्च होगा।

श्योपुर की कूनों नदी पर बनेगा सबसे बड़ा पुल

ब्राडगेज प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा पुल श्योपुर जिले की कूनों नदी पर बनेगा। वीरपुर-श्यामपुर के बीच कूनों नदी पर 100 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल के निर्माण का ठेका पंचकुला चंडीगढ़ की एमजी कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। रेलवे ने निर्माण एजेंसी को दिसंबर 2023 तक इस पुल का निर्माण पूरा करने की समससीमा दी है।

130 पुलों का निर्माण शुरु

ग्वालियर-श्योपुर नैरोगेज रेल लाइन को ब्राडगेज में परिवर्तित करने की बहुप्रतीक्षित परियोजना के अंतर्गत 200 किमी के ट्रैक पर 138 पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें 40 बड़े और 98 छोटे पुल हैं। पहले चरण में रायरू से लेकर सबलगढ़ के बीच 12 बड़े पुलों को बनाने का काम पुणे की आइएससी कंपनी को दिया गया है, जिसमें से बानमोर, सुमावली, कैलारस, जौरा और सबलगढ़ क्षेत्र में पुलों का निर्माण तेजी से चल रहा है।

इनका कहना है

ग्वालियर-श्योपुर नैरोगेज रेल लाइन को ब्राडगेज में परिवर्तित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। बानमोर से सबलगढ़ तक का काम तेजी से किया जा रहा है। पुलो का निर्माण भी शुरु कर दिया गया है।

मनोज कुमार सिंह

जनसंपर्क अधिकारी

Related to this topic: