ग्वालियर,न.सं.। त्यौहारी सीजन में फिर एक बार हवाई यात्रा महंगी होने वाली है। ग्वालियर से उडऩे वाले अधिकतर विमान इन दिनों भले ही खाली चल रहे हो, लेकिन त्यौहार नजदीक आते ही विमान कंपनिया त्यौहारों का फायदा उठाकर लोगों की जेब हल्की करने से नहीं चूकती हैं। जो फेयर अभी कम में हैं, वे त्यौहारी सीजन आते ही महंगे बल्कि दो गुने तक हो जाते हैं।
वैसे इन दिनों भोपाल आने-जाने का एयर फेयर कम है। यह फेयर रक्षाबंधन तक ऐसा ही बना रहेगा। जबकि रक्षाबंधन के दो दिन पहले बैंगलोर से ग्वालियर आने के लिए के लिए यात्रियों को 12 हजार से अधिक रूपए खर्च करने पड़ेंगे। जबकि मुंबई और अहमदाबाद से आने क लिए फेयर में थोड़ा उछाल आया है। मौसम में बदलाव और गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के चलते यात्री संख्या कम हुई है, जिससे फेयर भी कम हो गया है। हालांकि रक्षा बंधन और उसके आसपास के दो दिनों में फेयर में थोड़ी बढ़ोत्तरी आ सकती है।
रक्षाबंधन पर बढ़ेगा फेयर
रक्षाबंधन 11 अगस्त को है। इसके चार दिन बाद ही 15 अगस्त को राष्ट्रीय अवकाश भी है। इसके चलते विमानों में भीड़ बढऩे की उम्मीद जताई जा रही है। क्योंकि शहर के बहुत से छात्र और नौकरीपेशा दिल्ली, मुम्बई और अहमदाबाद में रहते हैं। जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन समेत उसके एक दिन पूर्व व एक दिन बाद तक एयर फेयर में थोड़ा उछाल आएगा।
शहर सामान्य किराया बढ़ा हुआ किराया
नई दिल्ली 3434 5576
अहमदाबाद 4169 6290
मुंबई 4211 6290
बैंगलोर 4583 12600
हैदराबाद 4845 6681
जम्मू 3807 6608
इंदौर 2797 5947
नोट: यह सभी आंकड़े 9 से 11 अगस्त तक है।