नई दिल्ली/ ग्वालियर। जनसम्पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज नई दिल्ली में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र चढ़ाया। मंत्री डॉ. मिश्र ने स्व अटल जी के अंतिम दर्शन कर उनको श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के अवसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। डॉ. मिश्र ने कहा कि भारतीय राजनीति में आदरणीय अटल जी ने शुचिता, सदभाव, मैत्री और सामंजस्य के गुणों और मूल्यों को हमेशा स्थापित किया। वे सर्वमान्य, सर्वस्वीकार्य और अजातशत्रु राजनेता थे।
भारत रत्न अटल जी विपक्ष के राजनेता के रूप में, विदेश मंत्री के रूप में, प्रधानमंत्री के रूप में सबसे अलग पहचान बनाई। अटल जी का साहित्य के प्रति गहरा अनुराग था। कारगिल युद्ध के समय उनके नेतृत्व में प्रदर्शित शौर्य ने भारत की गरिमा को बढ़ाया। अटल जी ने मध्यप्रदेश का भी गौरव बढ़ाया। उन्होंने राष्ट्रभाषा हिन्दी के सम्मान के लिए विश्व स्तर पर अथक प्रयास किए। जनसम्पर्क मंत्री ने स्व. अटल जी को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि पूरा राष्ट्र दुखी है। स्व. अटल जी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए जनसम्पर्क मंत्री ने उनके परिजन सहित राष्ट्र रूपी परिवार के सभी सदस्यों को यह दुख सहन करने की विनती ईश्वर से की है।