Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > शिवराज ने कहा - समाप्त हो चुका है कांग्रेस का राजनीतिक शिष्टाचार

शिवराज ने कहा - समाप्त हो चुका है कांग्रेस का राजनीतिक शिष्टाचार

शिवराज ने कहा - समाप्त हो चुका है कांग्रेस का राजनीतिक शिष्टाचार
X

भोपाल/सागर। अपनी जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को सागर पहुंचे, जहां उन्होंने यात्रा शुरू करने से पहले मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी विदेशों में जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हैं, जो समझ से परे है। मैं एक बार वाशिंगटन गया था, तब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, वहां के पत्रकारों ने मुझसे पूछा कि आपके प्रधानमंत्री अंडर अचीवर हैं। मैंने तुरंत उस पर आपत्ति प्रकट की और कहा कि भारत का प्रधानमंत्री अंडर अचीवर नहीं हो सकता। वह किसी पार्टी के प्रधानमंत्री नहीं हैं, वह देश के प्रधानमंत्री हैं, वो हमारा गर्व हैं।

उन्होंने कहा कि हम देश के भीतर वैचारिक आधार पर लड़ सकते हैं, लेकिन विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने की हमारी परंपरा कभी नहीं रही। राहुल गांधी कौन सी परंपरा निभा रहे हैं? कांग्रेस का राजनैतिक शिष्टाचार समाप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध बुंदेलखंड के लिए भारतीय जनता पार्टी लगातार काम कर रही है। कृषि बुंदेलखंड और प्रदेश की रीढ़ है। मध्यप्रदेश में 15 साल पहले साढ़े सात लाख हेक्टर सिंचाई होती थी, जिसकी क्षमता आज बढक़र 40 लाख हेक्टर हो चुकी है। बुंदेलखंड में बीना परियोजना से सवा 2 लाख एकड़ जमीन सिंचित होगी। केन-बेतवा परियोजना का लाभ मध्यप्रदेश को अधिक से अधिक मिले इसके लिए अंतिम चरण पर बात हो रही है, इस परियोजना से साढ़े 10 लाख एकड़ जमीन में सिंचाई होगी इसी तरह कोटरा योजना, साजली, सीतानगर, पंचम नगर जैसी अनेक लघु परियोजनाएं बुंदेलखंड अंचल में चल रही हैं। इन सभी योजनाओं से बुंदेलखंड की 25 लाख एकड़ जमीन में सिंचाई होगी। भाजपा सरकार ने इसका रोडमेप बनाया है, सिंचाई के साथ साधनों की पर्याप्त सुविधा होगी, जिससे बुंदेलखंड में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसान के घर समृद्धि आएगी।

उन्होंने बुंदेलखंड में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि सागर के बाद छतरपुर में भी मेडिकल कॉलेज, पन्ना में इंजीनियरिंग कॉलेज, टीकमगढ़ में कृषि विद्यालय के साथ सागर को एक संपूर्ण विकसित सिटी बनाएंगे ताकि सागर विकास का एक सेंटर बने। भारतीय जनता पार्टी ने सुनियोजित रोडमेप के जरिए बुंदेलखंड के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पहले भी चुनाव होते थे लेकिन इन चुनावों में ऐसा नहीं हुआ कि कमर के नीचे वार किए जाए। लोकतंत्र में राजनैतिक प्रतिद्वंदता और विचारों में मतभेद होता है। मध्यप्रदेश की राजनीति ने संस्कार और संस्कृति को कभी नहीं भूला लेकिन इन चुनावों में कांग्रेस सत्ता के लिए संस्कारों को भूलकर अनर्गल और अमर्यादित आचरण कर रही है। कभी वो हमें नालायक कहते हैं तो कभी वैश्या का दर्जा देते हैं, तो कभी मदारी कहते हैं। मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की इस घृणित मानसिकता का उसे जवाब देगी।

पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री के साथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश के गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह, विधायक प्रदीप लारिया, शैलेन्द्र जैन, जिला अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, डॉ. हितेष वाजपेयी, अभय दरे, सर्वेश तिवारी उपस्थित थे।

Updated : 30 Aug 2018 4:19 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top