Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > सरकार जाने के बाद भी 'नाथ' से ज्यादा लोकप्रिय हैं 'शिव'

सरकार जाने के बाद भी 'नाथ' से ज्यादा लोकप्रिय हैं 'शिव'

सरकार जाने के बाद भी नाथ से ज्यादा लोकप्रिय हैं शिव
X

विधानसभा चुनाव की हार के बाद हुई लोकप्रियता में वृद्धि

राजनीतिक संवाददाता भोपाल

आपको यह पढक़र शायद आश्चर्य हो कि कोई नेता चुनाव हारने के बाद अपनी लोकप्रियता में वृद्धि कैसे कर सकता है, लेकिन यह सच है मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता में प्रदेश में भाजपा की हार के बाद वृद्धि हुई है। सोशल मीडिया में चल रही यह खबर सभी को अचंभित करने वाली है। अब हम आपको समझाते है कि आखिर पूरा माजरा क्या है। विधान सभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक की संख्या तेज़ी से बढ़ी है। जबकि उनके मुकाबले मुख्यमंत्री कमलनाथ काफी पीछे हैं।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान साल 2018 का सियासी अखाड़ा भले ही हार गए, लेकिन इस हार ने उन्हें बाज़ीगर बना दिया, इस बात में भी कोई संदेह नही है। उनकी ये बाज़ीगरी सोशल मीडिया पर देखने मिल रही है। दो महीने पहले दिसंबर 2018 में विधान सभा चुनाव हारने के बाद शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसक की संख्या आश्चर्यजनक तरीके से और बढ़ गई है। इस वक्त सिर्फ ट्वीटर पर उनके 5 मिलियन यानि 50 लाख से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं। मज़ेदार बात ये है कि एक अनुमान के मुताबिक मध्य प्रदेश में करीब 5 लाख ट्विटर सक्रिय खाते ही हैं। सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान के प्रशंसक की संख्या के कुछ आंकड़ों पर नजऱ डालें तो कुछ और दिलचस्प तथ्य सामने आते हैं।

ट्विटर पर शिवराज के प्रशंसक 5 मिलियन यानि 50 लाख से ज़्यादा हैं। 11 दिसंबर 2018 को चुनाव नतीजे आने के बाद 50 दिन में ही प्रशंसक की संख्या में 1 लाख 60 हजार से अधिक की वृद्धि हुई है।

11 दिसंबर 2018 से पहले हर महीने शिवराज के प्रशंसक बढऩे की संख्या औसतन 35-40 हजार रही थी। 11 दिसंबर 2018 के बाद ये संख्या 80 से 85 हज़ार तक पहुंच गई है। बात करें अगर सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफॉर्मस की तो फेसबुक पर भी मध्यप्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री कमलनाथ की तुलना में शिवराज सिंह चौहान अधिक लोकप्रिय बनकर उभरे हैं। दिलचस्प तथ्य ये भी है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुकाबले में दूर-दूर तक कहीं नजऱ नहीं आ रहे। ट्विटर पर मुख्यमंत्री कमलनाथ के सिर्फ 1 लाख 72 हजार 669 प्रशंसक ही हैं। क्या वाकई 13 साल सत्ता में रहे शिवराज सिंह चौहान कुर्सी जाने के बाद और लोकप्रिय हो गए हैं यह तथ्य आश्चर्यजनक तो है परन्तु विश्लेषण के लिए भी यह विषय है।

Updated : 6 Feb 2019 5:29 PM GMT
author-thhumb

Naveen Savita

Swadesh Contributors help bring you the latest news and articles around you.


Next Story
Top