Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > चुनाव आयोग पहुंचे दिग्विजय सिंह, प्रशासन के दुरुपयोग को लेकर दर्ज कराई शिकायत

चुनाव आयोग पहुंचे दिग्विजय सिंह, प्रशासन के दुरुपयोग को लेकर दर्ज कराई शिकायत

चुनाव आयोग पहुंचे दिग्विजय सिंह, प्रशासन के दुरुपयोग को लेकर दर्ज कराई शिकायत
X

भोपाल। मध्यप्रदेश में उपचुनाव की सरगर्मी के बीच शुक्रवार को कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह चुनाव आयोग पहुंचे। कांग्रेस सांसद ने चुनाव आयोग में प्रशासनिक तंत्र और खासकर पुलिस के दुरुपयोग की शिकायत दर्ज कराई है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि यह चुनाव ऐसी परिस्थितियों में हो रहे हैं कि इस उपचुनाव से तय होना है कि मौजूदा सरकार रहेगी कि नहीं रहेगी।

इन परिस्थितियों में जिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने 2 साल पहले कांग्रेस में रहे उन 26 लोगों का विरोध किया था, जो आज भाजपा के उम्मीदवार बन गए हैं। उसको लेकर भाजपा को डर है कि कहीं भाजपा कार्यकर्ता उनका प्रचार करेंगे या नहीं। इसलिए पूरा प्रशासनिक तंत्र और विशेष तौर पर पुलिस भाजपा का प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा है कि भले ही कांग्रेस के 26 पूर्व विधायकों ने अपने आप को बेच दिया हो, लेकिन हमें भरोसा है कि मुख्य सचिव से लेकर चपरासी तक और डीजीपी से लेकर सिपाही तक अपने आप को नहीं बेचेंगे और हम ऐसे अधिकारियों, कर्मचारियों की सूची बना रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार ऐसे चुनाव हो रहे हैं। इन उपचुनाव से तय होगा कि मौजूदा सरकार रहेगी या नहीं। यह बात खुद शिवराज सिंह कह चुके हैं कि वे अभी टेंपरेरी मुख्यमंत्री हैं, उन्हें चुनाव जिताकर परमानेंट बनाइए। तो ऐसे महत्वपूर्ण चुनाव में स्टेट्स बहुत ऊंचे हैं, सरकार रहेगी की जाएगी, यह चुनाव पर निर्भर करेगा। इन चुनावों में 28 में से 26 उम्मीदवार वह हैं, जो कांग्रेस से भाजपा में गए और उनके उम्मीदवार बन गए, जिनका लगभग पौने दो साल पहले बीजेपी ने विरोध किया था। उनके खिलाफ पोस्टर बैनर लगाए थे और पर्चे बांटे थे, उनको बेईमान और भ्रष्टाचारी कहा था, अब वही भाजपा के उम्मीदवार हो गए हैं।

क्या हैं शिकायतें

दिग्विजय सिंह की शिकायत के मुताबिक ऐसी परिस्थितियों में इन प्रत्याशियों और शिवराज सिंह को डर लग रहा है कि कहीं भाजपा के कार्यकर्ता इनका प्रचार करेंगे कि नहीं। इसलिए सरकारी अधिकारी, कर्मचारी और विशेषकर पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस के थानेदार कांग्रेस समर्थक और विशेष तौर पर दलित वर्ग को डरा धमका रहे हैं। इसके कई प्रमाण हमारे पास हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि दिमनी में कांग्रेस उम्मीदवार के भाई को बुरी तरह पीटा गया। सुमावली में कांग्रेस कार्यकर्ता की गाड़ी तोड़ दी गई और घर में तोड़फोड़ की गई। ऑडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें उम्मीदवार मां बहन की गालियां दे रहा है। इसी तरह से शिवपुरी जिले के करैरा विधानसभा के दिन रात थानेदार की रोज शिकायतें आ रही हैं। इसी तरह थानेदार खुलेआम भाजपा को वोट दे रहा है। दिग्विजय सिंह ने कहा, यह सारी शिकायतें हमने चुनाव आयोग से की हैं। हमें यह भी सूचित किया है कि विशेष तौर पर एक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जो हर शिकायत की 24 घंटे में रिपोर्ट लेगा।

Updated : 17 Oct 2020 6:06 AM GMT
author-thhumb

Swadesh News

Swadesh Digital contributor help bring you the latest article around you


Next Story
Top