Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > शिवराज को कर्ज माफी वाले किसानों की प्रमाणित सूची सौंपेगी कांग्रेस

शिवराज को कर्ज माफी वाले किसानों की प्रमाणित सूची सौंपेगी कांग्रेस

शिवराज को कर्ज माफी वाले किसानों की प्रमाणित सूची सौंपेगी कांग्रेस
X

भोपाल। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी की अगुवाई में 21 लाख कर्ज माफी वाले किसानों की प्रमाणित सूची लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपने मंगलवार को उनके निवास पर जायेगा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया प्रभारी शोभा ओझा व मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में अपने वचन पत्र के वादे के मुताबिक, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की घोषणा के अनुरूप किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ किया है।

नरेन्द्र सलूजा ने बताया कि जय जवान जय किसान ऋण माफी योजना के तहत कुल 55 लाख किसानों के 2 लाख रुपये तक के कर्ज माफ होना है। आचार संहिता लगने के पूर्व करीब 21 लाख किसानों के कर्ज माफ हो चुके हैं, उन्हें कर्ज़ माफी के प्रमाण पत्र भी दिए जा चुके हैं। आचार संहिता के बाद शेष बचे किसानों के भी अपने वचन पत्र के वादे के मुताबिक कांग्रेस सरकार कर्ज माफ करेगी। कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार निरंतर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की कार्य योजना पर काम कर रही है। इस निर्णय की प्रदेश का अन्नदाता तो खुले मन से तारीफ कर रहा है, लेकिन भाजपा जो खुद को किसान हितैषी बताती है, निरंतर कांग्रेस की कर्ज माफी पर झूठ परोस कर किसानों को भ्रमित व गुमराह करने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और तमाम भाजपा नेता अपनी सभाओं में अपने भाषण में कर्ज माफी को लेकर झूठ परोस रहे हैं कि अभी तक एक भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ है। भाजपा झूठ, भ्रम फैलाने में माहिर है। इसलिए भाजपा द्वारा कर्जमाफी को लेकर परोसे जा रहे झूठ व भ्रम को देखते हुए 7 मई, मंगलवार को सुबह 9:00 बजे कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी की अगुवाई में अभी तक कर्ज माफ हुए 21 लाख किसानों की सूची पूर्व मुख्यमंत्री को सौंपने उनके आवास पर जाएगा। उन्हें कर्ज माफी वाले किसानों के नाम, पते, कर्ज माफ की गई राशि, बैंक का नाम, दिनांक, उनके मोबाइल नंबर वाली प्रमाणित सूची सौंपकर उन्हें वास्तविकता से अवगत कराते हुए बताएगा कि आप कर्ज माफी पर झूठ परोसना बंद करें। हमारी कर्ज माफी का यह प्रमाण है।

Updated : 6 May 2019 11:01 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top