Home > राज्य > मध्यप्रदेश > भोपाल > मप्र में 170 में से 121 जनपद पंचायतों में भाजपा, 43 में कांग्रेस समर्थित बने अध्यक्ष

मप्र में 170 में से 121 जनपद पंचायतों में भाजपा, 43 में कांग्रेस समर्थित बने अध्यक्ष

मप्र में 170 में से 121 जनपद पंचायतों में भाजपा, 43 में कांग्रेस समर्थित बने अध्यक्ष
X

भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन चरणों में हुए त्रिस्तरीय पंचायत निवार्चन के अंतर्गत प्रथम चरण में जिन जनपद पंचायतों में मतदान हुआ था, उनमें बुधवार को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव संपन्न किये गये। प्रथम चरण की इन 170 जनपदों में से 121 में भाजपा समर्थकों ने अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया, जबकि 43 जनपद पंचायतों में अध्यक्ष के पद पर कांग्रेस के खाते में गए। वहीं, दो जनपदों में गौंडवाना समर्थक और 4 जनपद पंचायतों में निर्दलीय उम्मीदवार जनपद पंचायत अध्यक्ष बने हैं।

मध्यप्रदेश में पहले चरण की जनपद पंचायत के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्षों-उपाध्यक्षों को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा 170 जनपद पंचायतों के चुनाव में 121 पर भाजपा के समर्थक अध्यक्ष बने हैं। जनपद पंचायतों में भाजपा को अपार सफलता मिली है। अब गांव में इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर हमारा फोकस रहेगा।

उन्होंने कहा कि सड़क, स्कूल, आंगनवाड़ी, बाजारों का विकास किया जाएगा। हमारी कोशिश रहेगी कि गांव पूरी तरह से स्वच्छ हों। पेयजल की उपलब्धता नल-जल के माध्यम से हो इस पर तेजी से काम करेंगे।। जिन गांव के टोले-मजरे सड़कों से छूट गए हैं, उन्हें सड़कों से जोडने के लिए अभियान चलेगा। किसानों को खेत तक पहुंचने के लिए अच्छे रास्ते बनाएंगे।

रोजगार के अवसर -

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव में ही रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। गांव में जो पैदावार होती है, उनको आसपास बाजार मिल सकें। वेल्यू एडिशन का काम करेंगे। पथ विक्रेता, छोटे व्यापारियों को स्ट्रीट वेंडर योजना से लोन दिलाकर उनका काम आगे बढ़ाएंगे। गांवों में राशन सुचारू तौर पर मिल सके, इसके लिए उचित मूल्य की दुकानों को बहुउद्देशीय दुकानों में बदलने का काम किया जाएगा।वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा जैसा हमने चुनाव के पहले कहा था, वैसे ही परिणाम ग्रामीण निकाय के चुनाव में आए हैं। जनपदों के चुनाव में भाजपा को शानदार सफलता मिली है। कई जिले ऐसे हैं जहां कांग्रेस का एक भी जनपद में अध्यक्ष नहीं बना। मैं जनपद पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और जनता को बधाई देता हूं।

Updated : 6 Aug 2022 5:27 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top