Home > Lead Story > हम दुश्मन की जमीन में घुसकर आतंकवाद का सफाया करने में सक्षम

हम दुश्मन की जमीन में घुसकर आतंकवाद का सफाया करने में सक्षम

छत्तीसगढ़ में हम सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे

हम दुश्मन की जमीन में घुसकर आतंकवाद का सफाया करने में सक्षम
X
File Pic

बिलासपुर। लोकसभा चुनाव से पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता शक्ति सम्मेलन में शिरकत की। बीजेपी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए उन्होंने कहा कि हम विधानसभा चुनाव में मिली हार से उबर चुके हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरे उत्साह के साथ कार्यकर्ता केंद्र में दोबारा मोदी सरकार बनाने के लिए कसकर तैयार हैं। छत्तीसगढ़ में हम सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि अब भारत पहले जैसा कमजोर भारत नहीं रहा। पाकिस्तान को इस बात को समझ लेना चाहिए। हम उनकी जमीन में घुस कर आतंकवाद का सफाया करने में सक्षम हैं।

उन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा पुलवामा में किए गए हमले के बदले भारत द्वारा की गई एयरफोर्स कार्रवाई को लेकर कहा कि हमने अपनी सीमा, अपने देश की सुरक्षा के लिए कड़ा कदम उठाया है, साथ ही पाकिस्तान के लिए यह मुहतोड़ जवाब है कि वह अब आतंकवाद को प्रश्रय देने से बाज आए। भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा। हम उनकी धरती पर घुसकर आतंकवाद का सफाया कर रहे हैं। जवानों के प्रति हर भारतीय के मन में सम्मान की भावना है। वे हमारे देश की रक्षा के लिए सरहद पर डटे हैं और हर एक भारतीय का कर्तव्य है कि जवानों को भावनात्मक रूप से सहयोग करें।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ ने छत्तीसगढ़ राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद किसानों के साथ धान बोनस के नाम पर बड़ा छलावा हुआ है। उनकी स्थिति में सुधार की बात कही जा रही है, जबकि हालात इससे उलट जा रहे हैं। किसान भी अब इस बात को भलीभांति समझ रहे हैं। राज्य की नई कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि राज्य में विकास की जो योजनाएं भाजपा के शासनकाल में बनी थीं उससे जनता की स्थिति में तेजी के साथ सुधार आ रहा था, लेकिन यह योजनाएं कांग्रेस की आंखों की किरकिरी बनने लगीं और उन्हें बंद किया गया। महापुरुषों के नाम से चलाई जा रही योजनाओं पर कांग्रेस राजनीति कर रही है। गरीबों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस के शासन में गरीबों का कभी भी भला नहीं हो सकता। सम्मेलन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल सहित प्रदेश भाजपा संगठन के सभी वरिष्ठ नेता मंच पर नजर आए।

विधानसभा में हमने अपने बल्ले से अपना स्टंप उखाड़ दिया, लोकसभा की सभी सीटें जीतेंगे: डॉ. रमन सिंह

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद बुधवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि हमने अपने बल्ले से अपना स्टंप उखाड़ दिया। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पहली बार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार पर रमन सिंह खुलकर बोले।

रमन सिंह ने कहा कि विधानसभा में हम हिट विकेट हो गए। हमने अपने बल्ले से अपना स्टंप उखाड़ दिया। लेकिन मैं भरोसा दिलाता हूं कि हम छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में 11 की 11 सीटें जीतेंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा जीतेगी और केन्द्र में एक बार फिर मोदी सरकार बनेगी।

Updated : 27 Feb 2019 2:25 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top