Home > Lead Story > हरियाणा में चलती थी थ्री-डी की सरकार : शाह

हरियाणा में चलती थी थ्री-डी की सरकार : शाह

दामाद, दरबारी और डीलर की सत्ता चलती था, भाजपा ने दिलायी मुक्ति सोनीपत में कांग्रेस व इनेलो पर जमकर बरसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इनेलो व कांग्रेस पर कसा तंज बोले, एक जेल में दूसरा बेल पर हुड्डा को दिया चैलेंज 55 साल और चार पीढ़ियों के राज का जनता को दें हिसाब एयर सर्जिकल स्ट्राइक से देश में थी खुशी, पाक व राहुल बाबा के कार्यालय में था मातम चौटाला राज में गुंडागर्दी व हुड्डा सरकार में था भ्रष्टाचार

हरियाणा में चलती थी थ्री-डी की सरकार : शाह
X

सोनीपत। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में पहले थ्री-डी सरकारें चलती थी यानि दामाद, दरबारी व डीलर। कांग्रेस व चौटाला ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया। मगर भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्ति सुशासन दिया।

शाह ने शाही अंदाज में विरोधियों पर हमला बोला कि पहले हरियाणा में चौटाला-हुड्डा थे। दोनों ने प्रदेश को लूटने का काम किया। चौटाला राज में गुंडागर्दी से जनता परेशान थी, तो हुड्डा सरकार में भ्रष्टाचार से जनता का जीना मुहाल हो गया था। मगर प्रदेश की मनोहर लाल की सरकार ने न केवल भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया बल्कि परिवारवाद, क्षेत्रवाद व भाई-भतीजवाद का भी खात्मा किया। अमित शाह ने इनेलो व कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, पहले दादा, फिर बाप ने राज संभाला, इसके बाद पोते को आगे कर दिया, किसी साधारण कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अधिकार नहीं था, परंतु भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष रविवार को सोनीपत के हुडा ग्राउंड में सोनीपत लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार एवं निवर्तमान सांसद रमेश कौशिक के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार रमेश कौशिक को जीताने के साथ राष्ट्रहित में वोट देने की अपील की।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल पर तंज कसते हुए कहा कि उनके समय में हरियाणा आयाराम-गयाराम के नाम से मशूहर था। हरियाणा में कोई भी स्थायी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार नहीं बनी, लेकिन वर्ष 2014 में हरियाणा की जनता ने भाजप पर विश्वास जताया और भाजपा ने मनोहर लाल के रूप में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का सपना पूरा किया।

मोदी-मोदी 130 करोड़ जनता के अंतरआत्मा का आशीर्वाद

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि 14 जनवरी से अब तक वे 287 स्थानों पर रैलियां कर चुके हैं। पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक हर कोने में जनसभाओं को संबोधित किया। हर जगह एक ही आवाज आती है मोदी-मोदी-मोदी। मोदी-मोदी 130 करोड़ जनता के अंतरआत्मा का आशीर्वाद है। जनता के समर्थन से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा 23 मई को सत्ता संभालेंगे।

कांग्रेस चार पीढ़ी से दे रही गरीबी हटाने का नारा

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पिछली चार पीढ़ियों से गरीबी हटाने का नारा दे रही है। पहले जवाहर लाल नेहरू, फिर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया-मनमोहन और अब राहुल गांधी। पिछली चार पीढ़ियों से देश से गरीबी नहीं हटी है। मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के उत्थान के लिए काम किया है।

गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में 7 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उज्जवला योजना के तहत सिलेंडर उपलब्ध कराए हैं। देश भर में 8 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया है। 8 करोड़ गरीब बेटियों को सम्मान से जीने का अधिकार दिया है। 2.5 करोड़ घरों तक बिजली पहुंचाने के साथ 2.5 करोड़ आवास भी बनानेका काम किया है। 50 करोड़ गरीब लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया है। अब तक 25 लाख 50 हजार गरीब लोग आयुष्मान योजना के तहत अपना इलाज करा चुके हैं।

प्रदेश में था परिवारवाद का बोलबाला

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले हरियाणा में परिवारवाद का दबदबा था, कभी चौटाला तो कभी हुड्डा। राजनेताओं ने केवल अपने परिवार की उन्नति को लेकर काम किया है, परंतु भाजपा ने पूरे हरियाणा का विकास किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बोले कि पूरे हरियाणा में एक समान विकास हुआ है, इससे पूरी जनता वाकिफ है। किसानों के मसीहा सर छोटूराम की 64 फीट की मूर्ति का अनावरण, कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे, गन्नौर के बड़ी में रेल कोच फैक्टरी, दिल्ली से चंडीगढ़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग 12 लेन करने का काम जारी सहित कई अन्य प्रोजेक्टों पर काम चल रहा है।

बड़े चिपकु हैं कौशिक

शाह ने कहा कि सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक बेशक नाटे कद के हैं, लेकिन ये बड़े चिपकु हैं, जब तक इनका काम नहीं होता है, ये तब तक मंत्रियों के सिर खाते रहते हैं और काम करवाकर ही लाते हैं। इनके कद पर न जाएं केवल कारनामें देखें, जो सोनीपत के विकास के लिए ये मेहनत करते हैं। अकेले सोनीपत में 73 हजार सिलेंडर उज्जवला योजना के तहत आवंटित किए गए हैं। फसल खराब होने पर 134 करोड़ रुपये बीमा राशि आवंटित की गई है। गांवों तक अटल सेवा केंद्र पहुंचे हैं। सोनीपत व जींद के अस्पताल को 100 बैड से बढ़ाकर 200 बैड का किय गया है। लोकसभा क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए 40 गोल्डन खेल नर्सरियां खोली गई हैं।

हुड्डा को किया चैलेंज

अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ललकारते हुए कहा कि कांग्रेस ने 55 साल व चार पीढ़ी राज किया है। पिछले 55 साल में कितना विकास हुआ और पांच साल में कितना विकास हुआ, इस पर खुली बहस होनी चाहिए। 13वें वित्त आयोग के दौरान कांग्रेस कार्यकाल में प्रदेश को केवल 22915 करोड़ रुपय आवंटित किए गए, लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में 1 लाख 17 हजार 880 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

सरकार बनने पर यह किया जाएगा काम

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दोबारा भाजपा सरकार बनने पर किसानों के ऋण का ब्याज पूरी तरह माफ किया जाएगा। 6 हजार किसान सम्मान निधि सभी छोटे-बड़े व मंझले किसानों को मिलेगी। 40 लाख रुपये तक बिजनेसमैन को जीएसटी फ्री व 60 लाख रुपये तक आयकर फ्री किया गया है। इसके साथ ही इनकी आय सालाना पांच लाख रुपये है, उन्हें भी आयकर से छूट दी गई है। व्यापारी कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा, जिसके अतंर्गत व्यापारियों के कल्याण की योजनाएं तैयार होंगी।

देश की सुरक्षा के लिए करें वोट

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनता देश की सुरक्षा के लिए वोट करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश पूरी तरह सुरक्षित हैं। पहले सोनिया और मौनी बाबा मनमोहन सिंह के राज में आतंकी जवानों के सिर काटकर ले जाते थे, लेकिन सरकार कार्रवाई नहीं करती थी। मगर भाजपा ने उड़ी व पुलवामा हमले का जवाब देकर दिखाया किया भारत कमजोर नहीं है, वह ईंट का जवाब पत्थर से देना जानता है।

Updated : 5 May 2019 11:25 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top