Home > Lead Story > प्रधानमंत्री ने राजौरी में एलओसी पर सैनिकों के साथ मनाई दीपावली

प्रधानमंत्री ने राजौरी में एलओसी पर सैनिकों के साथ मनाई दीपावली

राजौरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भी दिवाली देश की सुरक्षा में तैनात जवानों संग मनाई।पीएम ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात जवानों को मिठाईयां खिलाई और उनका उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सैनिकों की बदौलत ही देशवासी आज शांतिपूर्ण ढंग से अपने घरों में यह पर्व मना रहे हैं।

प्रधानमंत्री रविवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात मातृभूमि की रक्षा कर रहे सैनिकों का हौसला बढ़ाने और उनके साथ बातचीत करने के लिए सीधे आर्मी ब्रिगेड हेडक्वार्टर्स पहुंचे। वह राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर तैनात जवानों से मिले। सेना के विशेष हेलीकाप्टर से पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने नियंत्रण रेखा पर स्थित भिंभर गली सेक्टर में जवानों के साथ दीपावली मनाई और दीपावली की बधाई दी। उनके साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि सैनिकों की बदौलत ही देशवासी आज शांतिपूर्ण ढंग से अपने घरों में यह पर्व मना रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के दौरान शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही नियंत्रण रेखा से सटे रिहायशी इलाकों में रह रहे लोगों की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जवान सीमा की रक्षा कर रहे हैं तो सीमा से सटे रिहायशी इलाकों में रह रहे ये लोग भी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। जब कभी कोई आतंकवादी जवानों की नजरों से बचकर भारतीय सीमा में घुसपैठ करता है तो यही लोग उसकी जानकारी देकर देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि गुलाम कश्मीर में मौजूद आतंकवादी किसी भी तरह भारतीय सीमा में घुसपैठ कर यहां की शांति को भंग करना चाहते हैं परंतु हमें उनके इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है। प्रधानमंत्री ने नियंत्रण रेखा पर तैनात जवानों के साथ दीपावली मनाकर दुश्मन को यह स्पष्ट संकेत दिया है कि उनकी हर नापाक साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री हर साल सैनिकों के संग दीपावली का पर्व मनाते हैं। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जवानों के साथ दीपावली मनाने सियाचीन पहुंचे थे। उन्होंने दुर्गम परिस्थितियों में देश की रक्षा में तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया था।2015 और 2016 में उन्होंने पंजाब में सीमा पर तैनात जवानों और हिमाचल प्रदेश में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के गुरेज सेक्टर में तैनात जवानों के साथ दीपावली मनाई थी। उन्होंने 2018 में उत्तराखंड में भारत-चीन सीमा पर तैनात जवानों के साथ दीपावली मनाई थी।

Updated : 28 Oct 2019 4:20 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top