Home > Lead Story > लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस का नारा, जानें

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस का नारा, जानें

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस का नारा, जानें
X

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को दोनों पार्टियों ने अपना नया नारा जारी कर दिया है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए 'फिर एक बार मोदी सरकार' कैंपेन लॉन्च कर दिया है। बीजेपी का घोषणापत्र जारी करने से एक दिन पहले वित्तमंत्री अरुण जेटली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 2019 के लिए बीजेपी का नारा-फिर एक बार, मोदी सरकार का नारा दिया है। इसी मौके पर जेटली ने पार्टी प्रचार अभियान का थीम सॉन्ग भी जारी किया साथ ही पार्टी के कुछ विज्ञापन भी दिखाए।

पहली थीम : काम करने वाली सरकार।

दूसरी थीम : ईमानदार सरकार।

तीसरी थीम : बड़े फैसले लेने वाली सरकार।

अरुण जेटली ने कहा, 'हमने महंगाई पर काबू पाया, उन्होंने कहा, लोगों तक सरकार के कामों को पहुंचाया जाएगा। आम आदमी के जीवन को आसान बनाया जाएगा। जेटली ने कहा, विपक्ष महामिलावट की सरकार चाहता है।'

सूत्रों की मानें तो भाजपा अपना संकल्प पत्र सोमवार को जारी कर सकती है। पार्टी इसके साथ पिछले पांच वर्षो के कार्यो की प्रगति रिपोर्ट भी पेश कर सकती है। 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी अपने संकल्प पत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा, किसान कल्याण, युवा एवं महिला सशक्तीकरण पर खास जोर देगी। सूत्रों के मुताबिक किसानों के कल्याण के लिए भाजपा को लोगों से बड़ी संख्या में सुझाव मिले हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने भी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और मतदाताओं को लुभाने के लिए 'अब होगा न्याय' कैंपेन लॉन्च किया है। इसके अलावा कांग्रेस ने कई पोस्टर भी जारी किए हैं, जिनमें अलग-अलग तरह के चुनावी स्लोगन लिखे गए हैं।

यह है कांग्रेस पार्टी का नारा

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में अपना नया नारा ''अब होगा न्याय" जारी करते हुए आरोप लगाया कि देश में 'अन्याय' का माहौल है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रचार अभियान ''न्याय" के ईद गिर्द केन्द्रित होगा। यह शब्द न केवल पार्टी की प्रस्तावित न्यूनतम आय गारंटी योजना को रेखांकित करता है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को न्याय प्रदान करने की बात भी करता है। उन्होंने कहा, ''देश में न्याय की मांग की जा रही है जिससे गरीब वंचित हैं।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ''अभियान दिलों को जीतने" पर केन्द्रित होगा।

शर्मा ने कहा कि पार्टी ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कर अपने प्रचार के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि अभियान का मुख्य गीत 'मैं ही तो हिन्दूस्तानी हूं" जावेद अख्तर ने लिखा है और संगीत अर्जुना हरजाई ने दिया है। अभियान फिल्म का निर्देशन निखिल अडवाणी ने किया है और इसके छायाकार तुषार कांति राय हैं।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, अभियान पैनल के साथ-साथ कोर कमेटी के सदस्य प्रचार की रणनीति तैयार करने में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के पीछे विज्ञापन एजेंसी 'परसेप्ट है। युवा टीम पार्टी के डिजिटल मीडिया अभियान के लिए भी काम करती है।

शर्मा ने बताया कि पार्टी के डिजिटल मीडिया मंच का काम 'सिल्वरपुश' देख रहा है, जबकि 'डिजाइन बॉक्स' और 'निक्सन' जैसे एजेंसियां भी प्रचार अभियान के कार्य में शामिल है। अभियान के तहत न्याय योजना, गरीबी उन्मूलन, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार, किसान, महिला आरक्षण, सरलीकृत जीएसटी, सार्वभौमिक स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और स्टार्टअप जैसे मुद्दों को समेटा गया है, जिसका वादा कांग्रेस घोषणापत्र में किया गया है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि इस '360 डिग्री क्रॉस-प्लेटफॉर्म' अभियान में टीवी फिल्म, सिनेमा स्पॉट (कमर्शल विज्ञापन), रेडियो जिंगल, होर्डिंग और डिजिटल स्क्रीन, प्रिंट विज्ञापन, सोशल मीडिया और सार्वजनिक वाहन शामिल है। इन विज्ञापनों को मराठी, बंगाली, गुजराती, असमिया और मलयालम सहित छह भाषाओं में रूपांतरित भी किया गया है।

Updated : 7 April 2019 6:15 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top