महिलाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
X
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर वाराणसी में कई महिलाओं को सम्मानित किया। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने महिलाओं के हित में चलाई जा रही अपनी सरकार की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बड़ा लालपुर स्थित पं.दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सम्मेलन को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह समर्पित है। जन्म से लेकर जीवन के हर चरण में, बेटियों एवं बहनों की रक्षा और सशक्तीकरण के लिए तमाम योजनाएं चल रही हैं। महिलाएं गांव में हों या शहर में, उन्हें उद्यमिता के अवसर मिलने में परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह करने का फैसला भी हमारी ही सरकार द्वारा लिया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार द्वारा फैसला लिया गया है कि भारतीय सैन्य सेवाओं के कुछ क्षेत्रों में महिलाओं को पर्मानेंट कमिशन दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने विदेशों में शादी के बाद भारतीय महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार और शोषण का जिक्र करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार ने अब ऐसा कानून बनाया है कि विदेशों में बहन-बेटियों के साथ अन्याय नहीं होगा।
Swadesh Digital
स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in