Home > Lead Story > अटल सरकार में रक्षा मंत्री रहे 'जॉर्ज फर्नांडीस' का 88 वर्ष की उम्र में निधन

अटल सरकार में रक्षा मंत्री रहे 'जॉर्ज फर्नांडीस' का 88 वर्ष की उम्र में निधन

अटल सरकार में रक्षा मंत्री रहे जॉर्ज फर्नांडीस का 88 वर्ष की उम्र में निधन
X

नई दिल्ली। पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस का 88 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के मैक्स अस्पताल में आखिरी सांस ली।

जॉर्ज मैथ्यू फर्नांडीस पूर्व भारतीय ट्रेड यूनियन, राजनेता, पत्रकार, कृषक, व लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे थे। पुराने समाजवादी नेता जार्ज जनता दल (यू) के प्रमुख सदस्य थे और समता पार्टी के संस्थापक थे। वे संचार, उद्योग, रेलवे, और रक्षा सहित कई विभागों के मंत्री रहे थे।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जॉर्ज फर्नांडीस के निधन पर जताया शोक

पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस के निधन पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक चैंपियन नेता बताया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि वह फर्नांडीस की मृत्यु के समाचार से व्यथित हैं। कोविंद ने कहा, "उन्होंने रक्षा मंत्री के रूप में कई प्रकार से भारत की सेवा की। उन्होंने सरल रहन-सहन और उच्च सोच को महत्व दिया। वह आपातकाल और उसके बाद भी, लोकतंत्र के एक चैंपियन थे। हम सब उन्हें याद करेंगे"।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत के राजनीतिक नेतृत्व के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व के रूप में याद किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'फ्रैंक और निडर, आगे और दूरदर्शी, जार्ज फर्नांडीस ने हमारे देश के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान दिया। वह गरीबों और हाशिए पर चले गए लोगों के अधिकारों के लिए सबसे प्रभावी आवाजों में से एक थे।"

जॉर्ज फर्नांडीस का जन्म कर्नाटक में मैंगलोर में हुआ था। इमरजेंसी के दौरान उनकी ख्याति डायनामाइट कांड के हीरो के रूप में हुई| बिहार के मुजफ्फरपुर से 1977 में वह सांसद बने और उन्हें उद्योग मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया। जनता पार्टी सरकार में उस समय स्वदेशी के मुद्दों को आगे रखते हुए उन्होंने बहुराष्ट्रीय कंपनियों कोका कोला और आईबीएम पर हमला बोला।

इसके बाद उन्होंने जनता दल का दामन थामा। वह वीपी सिंह सरकार के कार्यकाल में रेल मंत्री रहे| इस दौरान उन्होंने 1989 और 90 में कोंकण रेलवे का विस्तार कराया और मेंगलुरु को मुंबई से जोड़ा। 1994 में उन्होंने अपनी नई पार्टी समता पार्टी बनाई। इसी दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नजदीक आए| अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का संयोजक भी बनाया |

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वह दो बार रक्षा मंत्री रहे। यह दौर इसलिए महत्वपूर्ण था कि उस दौरान पोकरण में भारत में परमाणु बम का परीक्षण किया और 1999 में करगिल का युद्ध लड़ा। हालांकि उनका कार्यकाल विवादों से भी जुड़ा रहा लेकिन अटल जी हमेशा उनके साथ प्रतिबद्धता के साथ खड़े रहे।

बुधवार को होगा जॉर्ज फर्नांडीस का अंतिम संस्कार

पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस का अंतिम संस्कार बुधवार को यहां किया जाएगा। यह जानकारी समता पार्टी की अध्यक्ष जया जेटली ने यहां दी। पत्रकारों से बातचीत में जया जेटली ने कहा कि हम उनके बेटे के अमेरिका से लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उनका अंतिम संस्कार कल बुधवार को किया जाएगा। तब तक उनके शरीर को सुरक्षित कर उनके घर में रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार सुबह साकेत के मैक्स हॉस्पिटल को फर्नांडीस के घर से उनके गंभीर होने की सूचना मिली थी। इसके बाद डॉक्टरों की टीम उनके घर पहुंची। हालांकि तब तक उनका निधन हो चुका था। मैक्स हेल्थकेयर के आधिकारिक बयान में कहा गया था कि जार्ज फर्नांडीस के निधन की जानकारी देते हुए बड़ा दुख हो रहा है। फर्नांडीस के लिए मैक्स हेल्थकेयर की टीम उनके घर गई थी, जिसने उन्हें शिथिल पाया और 29 जनवरी को सुबह 06:42 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जार्ज काफी समय से अल्जाइमर रोग से ग्रसित थे। अपने अंतिम कुछ दिनों में वह स्वाइन फ्लू के चलते गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। (हि.स.)

Updated : 14 Feb 2019 9:23 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top