Home > Lead Story > देश को आगे ले जाने में भाजपा की दिशा व नीयत सही : PM मोदी

देश को आगे ले जाने में भाजपा की दिशा व नीयत सही : PM मोदी

देश के प्रधान ने तय किया राजस्थान चुनाव एजेंडा, हिन्दुत्व, राष्ट्रवाद, जल,किसान, महिला सशक्तीकरण होंगे चुनावी मुद्दे

देश को आगे ले जाने में भाजपा की दिशा व नीयत सही : PM मोदी
X

अजमेर/स्वदेश वेब डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की घोषणा होने के ऐन पहले अजमेर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मोदी ने स्पष्ट संकेत दिए कि राजस्थान चुनाव हिंदुत्व, राष्ट्रवाद, जल, किसान, महिला सशक्तीकरण जैसे मुद्दों पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश को आगे ​बढ़ाने की भाजपा की दिशा सही है और नीयत पर कोई सवाल खड़ा नहीं किया जा सकता।

राजस्थान गौरव यात्रा के औपचारिक समापन पर अजमेर के कायड़ स्थित जायरीन विश्राम स्थली पर करीब 50 मिनट तक जनसमूह को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस सहित विपक्ष दलों पर तंज कसते हुए उन्हें राष्ट्र को तोड़ने वाला करार दिया। मोदी की सभा में प्रदेशभर से करीब तीन लाख लोग मौजूद थे। मोदी के पहुंचने से पूर्व ही समूचा पांडाल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा।

मोदी ने संबोधन की शुरुआत तेजाजी की धरती, ब्रह्माजी की धरती, पृथ्वीराज चौहान की धरती के लोगों को मारवाड़ी में नमन करते हुए की। उन्होंने मंच से नाम लिए बिना कांग्रेस पर तंज कसा कि वोटों की राजनीति करने वाले समाज में दरार पैदा करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के सिद्धांत पर काम करते हुए देश को सही दिशा में आगे बढ़ा रही है। वोटबैंक की राजनीति करने वाले कभी विकास के नाम पर किसी बहस में आगे नहीं आते। उनका जीवन परिवारवाद की स्तुति में ही पूरा हो रहा है। वोटबैंक की राजनीति करने वालों ने तो देश में ब्यूरोक्रेट्स को भी निठल्ला बना रखा था। देश को सही दिशा में लाने, देश के हर वर्ग को जागरूक करने तथा कांग्रेस की परम्पराओं को मिटाने में ही काफी समय और श्रम जाया हो गया है।

उन्होंने विपक्ष के राफेल सौदे व सर्जिकल स्ट्राईक को लेकर उठाए गए सवालों पर कहा कि शहीदों की शहादत पर सवाल उठाकर देश में पराक्रम का अपमान किया जा रहा है। भारत में हिन्दू व मुसलमानों में भेद डाला जा रहा है। मोदी ने कहा कि भाजपा की देश को आगे ​बढ़ाने की दिशा सही है और नीयत पर तो कोई सवाल खड़ा नहीं कर सकता।

मोदी ने किसानों के मुद्दे पर कहा कि न्यूनतम खरीद मूल्य पर उनकी सरकार ने करीब 62 हजार करोड़ से अधिक की राशि जारी की है। उसमें अकेले राजस्थान को ही तीन हजार करोड़ रुपया मिला है। इतनी राशि विगत दशकों में किसी सरकार ने किसानों के लिए जारी नहीं की। उन्होंने महिलाओं को देश में विकास के साथ जोड़ते हुए कहा कि भाजपा ने चुने जाने के बाद से महिलाओं के सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में पानी, बिजली, गैस, शौचालय, को जोड़ा गया है। नारी सुरक्षा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि विश्व के सबसे अधिक विकसित राष्ट्र में भी नारी के प्रसव का अवकाश इतना नहीं है जितना देश में है। उन्होंने प्रसव अवकाश 6 माह किए जाने, नारी से दुष्कर्मी को फांसी की सजा दिए जाने, तीन तलाक कानून पारित करने, उज्जवला गैस योजना लागू कर नारी को चूल्हा फूंकने से मुक्त किए जाने, भामाशाह के तहत घर का मुखिया नारी को बनाए जाने, सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी 30 प्रतिशत होने का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ही है जिसने आजादी के बाद के वर्षों में नारी सम्मान और उसके सश​क्तीकरण का ख्याल रखा।

मोदी ने वसुंधरा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि राजस्थान आज की तारीख में देश व दुनिया के लिए पर्यटन की राजधानी बन गया है। राजस्थान में विदेशियों की जिस तरह से मेहमाननवाजी होती है उससे पूरी दुनिया कायल है। राजस्थान में धार्मिक व आध्यात्मिक महत्व के स्थलों का पैनोरमा बनाए जाने, तीर्थराज पुष्कर के विकास पर विशेष फोकस करने, घर-घर बिजली पहुंचाने के दायित्व को समय से पहले पूरा करने, राजस्थान में जल स्वावलंबन, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य होने की मोदी ने तारीफ की। राजस्थान में पानी की समस्या के समाधान के लिए केंद्र ने चंबल बेसिन योजना को पहले से ही पूरा करने की ओर फोकस किया हुआ है। उन्होंने कहा कि इस योजना से राजस्थान के 13 जिलों को फायदा होगा। चंबल का पानी बीसलपुर बांध में पहुंचने पर पानी की किल्लत नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि इस पर राजस्थान सरकार भी काम कर रही हैं।

हालांकि सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने सूफी संत मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में हो रहे विकास कार्यों का एक बार भी जिक्र नहीं किया।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी की ओर से चुनाव तिथि घोषित होने पर राजस्थान पुन: आने के लिए न्यौता देने पर मोदी ने प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को सांकेतिक भाषा में चुनाव ​में​ विजय संकल्प के साथ जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं तो देश व दुनिया के लिए प्रधानमंत्री हैं सही मायने में तो वे स्वयं को भाजपा का कार्यकर्ता ही मानते हैं। कार्यकर्ता के रूप में आप बूथ स्तर की बैठक में भी बुलाएंगे तो वे चले आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी के अजमेर पहुंचने पर मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने पचरंगा साफा पहनाया।

मुख्यमंत्री राजे ने अपने उद्बोधन में स्किलडवलपमेंट, शिक्षा, जल स्वावलम्बन, मेडिकल कॉलेज खोलने, भामाशाह योजना, महिला व बाल विकास संबंधित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश में फिर से भाजपा को जनता का विश्वास मत मिलने का आत्मविश्वास दर्शाया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर में विगत एक माह से चल रहे जनआन्दोलन और कर्मचारियों की नाराजगी पर पूरी तरह चुपी बनाए रखी। मुख्यमंत्री राजे ने प्रदेश के किसानों को सौगात देते हुए उनके लिए बिजली को मुफ्त करने का ऐलान भी किया।

राजस्थान के मंत्रालयिक कर्मचारी पेग्रेड को लेकर 3600 लिखी टी-शर्ट पहन कर सभा स्थल तक पहुंचना चाहते थे, लेकिन अपने मकसद में वे सफल नहीं हुए।

भूपेन्द्र यादव का नहीं आना चर्चा में

राजस्थान में और विशेष रूप से अजमेर की जनसभा में सांसद भूपेन्द्र यादव की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। यादव के लिए कयास लगाया गया कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन में विधानसभा प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने में व्यस्त होने की वजह से अजमेर की सभा में दिखाई नहीं दिए।

ये रहे मौजूद

मोदी की सभा में मंच पर केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों में राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर, विजय कुमार गोयल, राज्य मंत्रियों में अर्जुन मेघवाल, पीपी चौधरी, सीआर चौधरी, राज्यवर्धन सिंह दिखाई दिए। इसके अलावा राजस्थान संगठन की दृष्टि से गजेन्द्र सिंह, बी सतीश, अविनाश राय खन्ना, चन्द्रशेखर, ओम माथुर आदि शामिल थे।

विजय संकल्प सभा एवं गौरव यात्रा के समापन पर राजस्थान सरकार के राजेन्द्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, अजय सिंह किलक, स्थानीय विधायक एवं राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, अनिता भदेल, तथा विधान सभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल मंच पर रहे।

Updated : 7 Oct 2018 9:50 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top