Home > Lead Story > मतदान से पहले ही टूटा गोंगपा-सपा का गठबंधन

मतदान से पहले ही टूटा गोंगपा-सपा का गठबंधन

मतदान से पहले ही टूटा गोंगपा-सपा का गठबंधन
X

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव एकसाथ लड़ रही समाजवादी पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बीच गठबंधन मतदान से पहले ही टूट गया। चुनाव प्रचार को लेकर हुई अनुबन के चलते गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रमेशचन्द्र बकोरिया ने शनिवार की सुबह समाजवादी पार्टी से गठबंधन तोड़ने का ऐलान किया। अब दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे और एक-दूसरे का प्रचार भी नहीं करेंगे। वैसे अब प्रचार के लिए केवल दो दिन शेष बचे हैं। आगामी 26 नवम्बर की शाम पांच बजे प्रचार थम जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान होने से पहले महागठबंधन की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन राजनीतिक दलों के बीच सहमति नहीं बनने से चुनाव में महागठबंधन तो नहीं बन पाया था, लेकिन समाजवादी पार्टी (सपा) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) प्रदेश का चुनाव मिलकर लड़ रही थी। दोनों दलों का संयुक्त रूप से प्रचार अभियान भी जोर-शोर से चल रहा था, लेकिन चुनाव प्रचार को लेकर हुई अनबन के चलते दोनों पार्टियों ने अपना गठबंधन तोड़ दिया है। गोंगवा प्रवक्ता रमेशचन्द्र बकोरिया ने कहा कि उनके नेता अब सपा के साथ आमसभा नहीं करेंगे।

उन्होंने बताया कि गोंगपा ने परसवाड़ा, सीधी, सिलवानी और बालाघाट सीट सपा के लिए गठबंधन के तहत छोड़ दी थी। परसवाड़ा और बालाघाट में गोंगपा के हीरासिंह मरकाम ने सपा प्रत्याशी के पक्ष में सभा को संबोधित किया था, लेकिन जब सपा युवा मोर्चा अध्यक्ष दुबे को बैहर में गोंगपा प्रत्याशी के प्रचार को बुलाया तो उन्होंने इंकार कर दिया। इसलिए उन्होंने सपा के गठबंधन तोडऩे का निर्णय लिया है।

Updated : 30 Nov 2018 3:01 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top