Home > Lead Story > अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल, पूर्वांचलवासियों से की दिल्ली की सातों लोस सीटों पर विजय की अपील

अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल, पूर्वांचलवासियों से की दिल्ली की सातों लोस सीटों पर विजय की अपील

अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल, पूर्वांचलवासियों से की दिल्ली की सातों लोस सीटों पर विजय की अपील
X

केजरीवाल सरकार का एक ही मंत्र है झूठ बोलना, घुसपैठियों पर रुख स्पष्ट करें राहुल व केजरीवाल

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में बसे पूर्वांचलवासियों से आगामी लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों को भाजपा की झोली में डालने का आह्वान किया। शाह ने दिल्ली में पूर्वांचली मतदाताओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि पूर्वांचल के भाई-बहन सातों लोकसभा सीटों पर भाजपा को अपना समर्थन देकर विजय दिलाएंगे।

भाजपा दिल्ली प्रदेश के पूर्वांचल मोर्चा के महाकुंभ को रामलीला मैदान में संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के विकास में पूर्वांचल का महत्वपूर्ण योगदान है। देश का विकास पूर्वांचलियों के पसीने से हुआ है। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले जितनी भी सरकार आई इसमें 55 साल कांग्रेस ने शासन ने किया और उसने पूर्वांचल के साथ घोर अन्याय किया। मोदी के एक भाषण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम भारत और पूर्वी भारत को दो भुजाएं बताते हुए पूर्वी भारत का विकास करने का वादा किया था।

उन्होंने दिल्ली सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार में दिल्ली के विकास के विजन का अभाव है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जनता से किए वादों की सूची उठाकर देख लें कि इन चार सालों में आपने कितने काम किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दिल्ली के विकास के लिए केजरीवाल सरकार को 50 हजार करोड़ रुपये दिए। शाह ने कहा कि केजरीवाल सरकार का एक ही मंत्र है झूठ बोलना, सार्वजनिक रूप से बोलना, बार-बार बोलना।

शाह ने मोदी सरकार के कार्यकाल में पूर्वांचल के विकास का लेखा-जोखा पेश करते हुए कहा कि पूर्वांचल के लिए मोदी सरकार ने क्या काम किया है, वह इसका हिसाब देने आए हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से (गोरखपुर से काशी तक), बिहार और झारखण्ड के लिए कांग्रेस सरकार ने 13वें वित्त आयोग के अंतर्गत मात्र चार लाख करोड़ रुपये दिए थे लेकिन जबसे मोदी सरकार आई है तबसे हमने 14वें वित्त आयोग के अंतर्गत 13,80,000 करोड़ रुपये पूर्वांचल के विकास के लिए दिया है।

असम के बाद दिल्ली समेत देश के दूसरे राज्यों में भी राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) की जरूरत पर जोर देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष वोट बैंक की राजनीति के नाते घुसपैठियों को देश से बाहर करने के पक्ष में नहीं है। किंतु भाजपा राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर एनआरसी को दूसरे राज्यों में भी लागू करने की पक्षधर है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल से घुसपैठियों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि 2014 में भी पूर्वांचलवासियों ने भाजपा के लिए दरवाजा खोला था और 2019 में फिर से खोलेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में आज आयुष्मान भारत योजना लागू हो रही है लेकिन दिल्ली इससे वंचित है, क्योंकि केजरीवाल सरकार को डर है कि इतनी बड़ी योजना लागू हो गई तो गरीब जनता को राहत मिल जाएगी और वो यह नहीं चाहते।

उन्होंने पूर्वी दिल्ली में पिछले दिनों भूख से तीन बच्चियों की मौत, राशन कार्ड बनवाने के लिए पैसे, रोहिंग्या और बांग्लादेशियों, अवैध सीलिंग, सीवर में सफाई कर्मचारियों की मौत का मुद्दा उठाते हुए केजरीवाल सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने सीलिंग के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को जनता के साथ धोखा देने का आरोप लगाया।

पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि दिल्ली में बसे पूर्वांचलवासियों को पिछले 15 सालों से ठगा जा रहा है। उसके खिलाफ आज लोग यहां एकजुट हुए हैं।

रैली में केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, सांसद उदित राज, प्रवेश वर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू सहित कई नेता मौजूद थे।

Updated : 23 Sep 2018 8:36 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top