Home > विदेश > बेनतीजा रही ट्रम्प और किम की वार्ता

बेनतीजा रही ट्रम्प और किम की वार्ता

- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा- निःशस्त्रीकरण की पुख्ता गारंटी के बिना उत्तर कोरिया पर लगे प्रतिबंध नहीं हटाएंगे

बेनतीजा रही ट्रम्प और किम की वार्ता
X

हनोई। वियतनाम की राजधानी हनोई में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन के बीच गुरुवार को हुई वार्ता बिना किसी समझौते के ही समाप्त हो गयी। ट्रंप ने कहा है कि निःशस्त्रीकरण की पुख्ता गारंटी के बिना उत्तर कोरिया के खिलाफ लगाए गए किसी भी प्रतिबंध को नहीं हटाया जाएगा।

दोनों नेता बैठक के बीच से ही उठकर चल दिए और दोपहर के भोजन का भी इंतजार नहीं किया। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने हनोई में मीडिया को बताया कि वार्ता में कोई समझौता नहीं हो सका है। वार्ता बीच में ही ख़त्म हो गई है। अब दोनों देशों के बीच संयुक्त बयान की कोई संभावना नहीं है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कभी-कभी पैदल चलना भी ज़रूरी होता है। निःशस्त्रीकरण की पुख़्ता गारंटी के बिना अमेरिका एक साथ सभी आर्थिक प्रतिबंध हटाने को तैयार नहीं है। इस बिंदु पर दोनों के बीच जारी होने वाले संयुक्त बयान को रद्द कर दिया गया। संयुक्त बयान के लिए निर्धारित चार बजे की पत्रकार वार्ता भी रद्द करनी पड़ी।

दोनों नेताओं की यह दूसरी शिखर वार्ता थी। आठ महीने पहले उनके बीच सिंगापुर में पहली बैठक हुई थी। सिंगापुर में दोनों नेताओं के बीच कोरियाई प्रायद्वीप से परमाणु निःशस्त्रीकरण और स्थायी शांति के लिए मिलकर प्रयास करने की सहमति बनी थी, लेकिन उस पर कोई प्रगति नहीं हो सकी थी। हनोई की वार्ता से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों देशों के बीच निःशस्त्रीकरण पर कोई अंतिम निर्णय हो जाएगा। अमेरिका उत्तरी कोरिया के आर्थिक विकास में भरपूर योगदान देगा। वार्ता की शुरुआत में किम ने कहा था कि वह निःशस्त्रीकरण को ध्यान में रखते हुए हनोई आए हैं।

Updated : 28 Feb 2019 2:26 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top