ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक नया वीडियो सामने आया है। उनकी गंभीर हालत और मौत से जुड़ी खबरों के बीच इस फुटेज ने बहस को फिर तेज कर दिया है।
विदेश। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई की सेहत को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह के दावे सामने आ रहे थे। इस बीच मेहर न्यूज एजेंसी ने उनका वीडियो जारी किया। फुटेज में वह कुछ अन्य शिया धर्मगुरुओं के साथ एक कमरे में बैठे नजर आते हैं। उनके सामने कांच के कप में चाय भी दिखाई देती है। पहली नजर में वह सामान्य स्थिति में नजर आते हैं। हालांकि वीडियो का मकसद उनकी सेहत और ठिकाने को लेकर चल रही अटकलों को खारिज माना जा रहा है।
वीडियो की जानकारी ने बढ़ाया संदेह
वीडियो में सबसे अहम जानकारी गायब है। इसमें यह नहीं बताया गया कि फुटेज कब और कहां रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा उनका चेहरा भी पूरी तरह दिखाई नहीं देता। ऐसे में केवल इस वीडियो के आधार पर उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि करना मुश्किल है। यही पहलू उस दावे को कमजोर करता है कि वीडियो उनकी वर्तमान स्थिति का निर्णायक सबूत है।
इजरायली मीडिया के दावों से जुड़ा विवाद
वीडियो सामने आने से पहले इजरायली मीडिया में मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर गंभीर दावे किए गए थे। चैनल 14 ने ईरान के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से उनकी सेहत बेहद गंभीर होने की बात कही थी। द जेरूसलम पोस्ट ने भी Iranwire और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के प्रशासन के करीब बताए गए सूत्रों के हवाले से नेतृत्व के भीतर चिंता की खबर प्रकाशित की थी। एक सूत्र ने उनकी जल्द मौत की खबर आने की आशंका तक जताई थी।
सार्वजनिक मौजूदगी से लगातार दूरी
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। उनके पिता की मौत अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों में हुई थी। इसके बाद से मोजतबा खामेनेई किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए हैं। उनके संदेश और बातचीत लिखित बयानों तक सीमित रही है।
हमले में घायल होने की रिपोर्ट भी आई थी सामने
मोजतबा खामेनेई के शुरूआती हमले में घायल होने की रिपोर्ट भी सामने आई थी। कुछ रिपोर्टों में उनके चेहरे पर चोट लगने की बात सामने आई थी। इसी वजह से उनके सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आने को लेकर भी कई तरह के कयास लगाए गए। हाल में एक रिपोर्ट में यह दावा भी किया गया था कि ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने उनसे बेहद गोपनीय माहौल में मुलाकात की थी। रिपोर्ट के अनुसार, मुलाकात के दौरान कार की खिड़कियाँ पूरी तरह ढकी थीं और हाथ मिलाने की भी अनुमति नहीं थी।
वीडियो से नहीं खत्म हुए सवाल
मेहर न्यूज का वीडियो मोजतबा खामेनेई के जिंदा और सामान्य दिखने का संकेत जरूर देता है लेकिन इससे उनकी मौजूदा सेहत या वीडियो की तारीख की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होती। इसलिए फिलहाल मामला दो अलग दांवों के बीच फंसा हुआ है। एक तरफ गंभीर हालत और मौत से जुड़े दावे हैं। दूसरी तरफ ईरान समर्थक मीडिया का वीडियो है। वीडियो की तारीख और लोकेशन सामने आने तक उनकी वास्तविक स्थिति को लेकर पूरी तरह साफ नहीं होती।