Breaking News
  • BRICS सम्मेलन: 20 देशों के कृषि मंत्री और विशेषज्ञ इंदौर में जुटे
  • पटाखा दुकान में लगी आग, लगातार होते रहे धमाके, भोपाल के बैरागढ़ रोड पर हादसा, 70 फीट तक ऊपर उठी लपटें
  • दिल्ली में आधी रात 70kmph की रफ्तार से आंधी चली: MP-राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
  • भारत में 2024 में सड़क हादसों से 1.77 लाख लोगों की मौत, हर घंटे 20 लोगों ने गंवाई जान
  • प्रख्यात शूटर जसपाल राणा का निधन, अस्पताल में चल रहा था इलाज

होम > विदेश

US EA-18G Fighter Jets Crash During Air Show

अमेरिका में दो EA-18G फाइटर जेट टकराए, हवा में हुआ बड़ा हादसा

अमेरिका के इडाहो एयर शो में दो EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट हवा में टकराकर क्रैश हो गए। हादसे से पहले सभी 4 क्रू मेंबर सुरक्षित इजेक्ट हो गए।


अमेरिका में दो ea-18g फाइटर जेट टकराए हवा में हुआ बड़ा हादसा

अमेरिका के इडाहो स्थित माउंटेन होम एयरफोर्स बेस पर रविवार को एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अमेरिकी नौसेना के दो EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट हवा में टकराकर क्रैश हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद सभी 4 क्रू मेंबर हादसे से कुछ सेकेंड पहले सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में चार पैराशूट जमीन की ओर उतरते दिखाई दिए। हादसे के बाद एयरफोर्स बेस को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया और एयर शो के बाकी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।

एयर शो के दौरान हवा में टकराए दोनों जेट

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक हादसा एयर बेस से करीब 2 मील दूर हुआ। दोनों EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट क्लोज-फॉर्मेशन मैनूवर्स कर रहे थे, तभी वे हवा में एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों विमान नीचे गिरने लगे। जमीन पर गिरते ही वहां आग की तेज लपटें और काला धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर मौजूद दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई।

कुछ सेकेंड पहले इजेक्ट हुए 4 क्रू मेंबर

दोनों विमानों में कुल 4 क्रू मेंबर मौजूद थे। एयरफोर्स अधिकारियों के मुताबिक सभी ने समय रहते इजेक्ट कर लिया। वीडियो फुटेज में चार पैराशूट साफ दिखाई दिए, जिससे पुष्टि हुई कि सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। एविएशन सेफ्टी एक्सपर्ट जेफ गुजेट्टी ने कहा कि मिड-एयर टक्कर में आमतौर पर पायलटों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिलता। इस मामले में दोनों विमान टकराने के बाद कुछ समय तक जुड़े रहे, जिससे क्रू को इजेक्ट करने का समय मिल गया।

क्या है EA-18G ग्रोलर फाइटर जेट

EA-18G ग्रोलर अमेरिकी रक्षा कंपनी Boeing द्वारा विकसित एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर एयरक्राफ्ट है। इसे F/A-18 सुपर हॉर्नेट के प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है।

इस फाइटर जेट की कीमत करीब 65 से 70 मिलियन डॉलर यानी लगभग 550 से 600 करोड़ रुपए मानी जाती है। इसमें दो क्रू मेंबर होते हैं। एक विमान उड़ाता है, जबकि दूसरा इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और मिशन कंट्रोल संभालता है।

EA-18G का इस्तेमाल दुश्मन के रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम और एयर डिफेंस नेटवर्क को जाम करने के लिए किया जाता है। युद्ध के दौरान यह दूसरे फाइटर जेट्स को सुरक्षा कवच देने का काम करता है, ताकि वे दुश्मन के इलाके में सुरक्षित ऑपरेशन कर सकें।

इसकी अधिकतम स्पीड ध्वनि की गति से 1.8 गुना ज्यादा यानी 1.8 मैक तक है, जबकि इसकी ऑपरेशनल रेंज करीब 2300 किलोमीटर बताई जाती है। ऑस्ट्रेलिया की वायुसेना भी इस एडवांस्ड फाइटर जेट का इस्तेमाल करती है।

 

Related to this topic: