भारी मानसूनी बारिश से उत्तर भारत में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी।
देश के कई हिस्सों में मानसून अब मुश्किलें बढ़ा रहा है। उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के बाद 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, 92 गांवों की फसलें प्रभावित हुई हैं और 26 गांवों का संपर्क टापू जैसा हो गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की पुलिस चौकी तक पानी पहुंच गया है।मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में बारिश के बीच बिजली गिरने से मुंगेली में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बिलासपुर में नदी के तेज बहाव में बहे तीन बच्चों के शव बरामद किए गए हैं।
काशी में पुलिस चौकी डूबी, प्रयागराज में सड़कों पर अंतिम संस्कार
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट स्थित पुलिस चौकी पानी में डूब गई। वहीं, प्रयागराज के दारागंज घाट का श्मशान भी जलमग्न हो गया है। जगह नहीं मिलने के कारण सड़कों पर अंतिम संस्कार करना पड़ा।ललितपुर में भी बारिश का असर खतरनाक रूप में सामने आया। सैर नाले पर बना पुल पानी में डूब गया। तेज बहाव के बीच पुल पार करते समय एक युवक की बाइक बह गई। हालांकि युवक बच गया।
MP के 22 जिलों में रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में रविवार को भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।पन्ना में शहपुरा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद एक डंपर पानी के तेज बहाव में बह गया। ड्राइवर ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।आने वाले दिनों में भी मध्य प्रदेश में बारिश से राहत मिलती नहीं दिख रही। 25 और 26 अगस्त को भी कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में बिजली गिरी, नदी में बहे 3 बच्चों की मौत
छत्तीसगढ़ के मुंगेली में पैदल जा रही एक महिला पर बिजली गिर गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बलरामपुर में कन्हर नदी पार करते समय एक युवक भी तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश जारी है।
बिहार में बक्सर से भागलपुर तक गंगा उफान पर
बिहार में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है। बक्सर से भागलपुर तक नदी उफान पर है।भागलपुर के नवगछिया में गंगा का कटाव तेज हो गया। खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में तटबंध टूटने से पानी गांव में घुस गया। यहां बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल के घर तक भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, हिमाचल में 125 सड़कें बंद
उत्तराखंड में भी भारी बारिश के कारण पहाड़ों पर मुश्किलें बढ़ी हैं। पौड़ी के बीरोंखाल ब्लॉक में मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर पहाड़ी दरकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।उत्तरकाशी में यमुना नदी में फंसे एक मजदूर को SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के कारण 125 सड़कें बंद हैं।
त्रिपुरा में बाढ़, NDRF ने 25 लोगों को बचाया
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। NDRF की 30 सदस्यीय टीम ने प्रभावित क्षेत्रों से कम से कम 25 लोगों को सुरक्षित निकाला। इनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। बारिश के कारण गिरे पेड़ से बंद हुए हाईवे को भी टीम ने साफ करने का काम शुरू किया है। प्रशासन, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें राहत-बचाव कार्य में लगी हैं।
अगले दो दिन कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
25 अगस्त: छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।26 अगस्त: मध्य प्रदेश और ओडिशा में फिर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी यूपी, झारखंड और कई पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश हो सकती है।इस दौरान बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ आंधी-बिजली की संभावना है। वहीं, असम-मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड में बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने कई राज्यों में स्थानीय प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है। अब अगले 48 घंटे में बारिश की तीव्रता और नदियों के जलस्तर पर खास नजर रहेगी।