सितंबर से मुंबई में CNG, PNG, दूध के दाम बढ़े; टाटा, हुंडई की कारें महंगी। विदेश यात्रा के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया में सुधार से यात्रियों को राहत।
सितंबर महीने की शुरुआत होते ही देश में कई बड़े वित्तीय और रोजमर्रा से जुड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इनका सीधा असर आम आदमी की जेब और घरेलू बजट पर पड़ सकता है। खासतौर पर मुंबई में CNG, PNG और दूध के दाम बढ़ने से लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। इसके अलावा टाटा और हुंडई की कारें भी महंगी हो गई हैं।हालांकि, विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक राहत भी है। 1 सितंबर से इमिग्रेशन प्रक्रिया में एक अहम बदलाव लागू हुआ है। आइए जानते हैं आज से लागू हुए 5 बड़े बदलाव...
1. CNG महंगी, ऑटो-टैक्सी का किराया भी बढ़ा
मुंबई में 1 सितंबर से CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद मुंबई में CNG की कीमत बढ़कर 88 रुपये प्रति किलो हो गई है।CNG के दाम बढ़ने का असर ऑटो और टैक्सी किराये पर भी पड़ा है। वहीं दिल्ली-NCR में भी हाल ही में CNG की कीमत में बढ़ोतरी की गई थी।
2. PNG के दाम भी बढ़े, LPG को लेकर भी अपडेट
मुंबई में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस की कीमत भी बढ़ गई है। 1 सितंबर से PNG के दाम में 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी हुई है। अब इसकी कीमत 53 रुपये प्रति SCM हो गई है।इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की खबर है।वहीं LPG कनेक्शन की e-KYC को लेकर भी उपभोक्ताओं को ध्यान देना होगा। जिन लोगों ने अब तक e-KYC पूरी नहीं की है, उन्हें आगे LPG लेने में परेशानी या सामान्य दरों की जगह अधिक कीमत का सामना करना पड़ सकता है।
3. टाटा-हुंडई की कारें हुईं महंगी
अगर आप सितंबर में नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो बजट बढ़ाना पड़ सकता है। टाटा मोटर्स ने 1 सितंबर से अपने पैसेंजर व्हीकल्स और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है।वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने भी इस साल तीसरी बार अपनी कारों की कीमतों में इजाफा किया है। यानी नई कार खरीदने वालों के लिए सितंबर की शुरुआत महंगी साबित हुई है।
4. मुंबई में दूध के दाम में ₹9 की बढ़ोतरी
मुंबई में तबेला यानी खुले तौर पर बेचे जाने वाले दूध की कीमत भी बढ़ गई है। 1 सितंबर से इसकी कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है।दूध कारोबारियों के मुताबिक पशु चारे की बढ़ती लागत और दूसरे खर्चों में इजाफे के कारण कीमत बढ़ाई गई है। हालांकि, यह बढ़ोतरी पैकेट वाले दूध की कीमतों में नहीं की गई है।
5. विदेश जाने वालों को इमिग्रेशन पर राहत
महंगाई के बीच विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। 1 सितंबर से विदेश जाने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी।यात्री मोबाइल में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों की प्रक्रिया आसान और तेज होने की उम्मीद है।