Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > देश

पीएम मोदी का 'मन की बात' संबोधन

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में भारतीय रक्षा और योग की सफलता पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में भारतीय रक्षा क्षमता, स्वदेशी तकनीक, और योग की वैश्विक सफलता के बारे में बात की।


पीएम मोदी ने मन की बात में भारतीय रक्षा और योग की सफलता पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में भारत की रक्षा क्षमता, स्वदेशी तकनीक और योग की वैश्विक सफलता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समुद्र से लेकर आसमान तक भारत सुरक्षित है और देश रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।पीएम मोदी ने बताया कि 'मेड इन इंडिया' C-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी कर ली है और वर्तमान में ऐसे 40 से अधिक विमान भारत में ही बनाए जा रहे हैं।

स्वदेशी युद्धपोतों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने हाल ही में कोलकाता में आयोजित नौसेना कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया है। इन युद्धपोतों की डिजाइन से लेकर निर्माण तक पूरी प्रक्रिया स्वदेशी है।

योग में भारत का दबदबा

पीएम मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अहमदाबाद में हुई विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।

महाराष्ट्र के परिवार की सराहना

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के एक परिवार का उदाहरण देते हुए बताया कि विवाह समारोह के अवसर पर उन्होंने गांव के करीब 3500 लोगों के लिए एक-एक लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कराया। पीएम ने इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बताया।

नगालैंड की खेल पहल की तारीफ

उन्होंने नगालैंड बेबी लीग और नगालैंड विमेन फुटसल लीग का जिक्र करते हुए कहा कि ये प्रतियोगिताएं बच्चों और महिलाओं में खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का बेहतरीन माध्यम बन रही हैं।

असम की 'हरगिला आर्मी' का किया उल्लेख

पीएम मोदी ने असम की जीव-विज्ञानी पूर्णिमा देवी बर्मन और उनकी 'हरगिला आर्मी' की सराहना की। उन्होंने बताया कि कैसे ग्रामीण महिलाओं ने जागरूकता फैलाकर दुर्लभ हरगिला पक्षी को संरक्षण देने का अभियान सफल बनाया।

नालंदा और संस्कृत विश्वविद्यालय की चर्चा

प्रधानमंत्री ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय ने शास्त्रार्थ की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित किया है। वहीं दिल्ली स्थित सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस में बी-टेक कार्यक्रम शुरू करने को उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related to this topic: