ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया DP बदली। सेना के शौर्य को सलाम करते हुए आतंकवाद पर भारत की सख्त नीति दोहराई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी डिस्प्ले पिक्चर बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का लोगो लगाया। यह कदम पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेनाओं द्वारा चलाए गए सैन्य अभियान की पहली वर्षगांठ पर उठाया गया।पीएम मोदी के साथ केंद्र सरकार के कई मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी DP बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया। सरकार ने इसे भारतीय सेनाओं के साहस, समन्वय और आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत संकल्प को सम्मान देने वाला प्रतीक बताया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन
अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले के बाद भारत ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया।इस सैन्य कार्रवाई के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी लॉन्चपैड्स और ठिकानों को निशाना बनाया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक 9 बड़े आतंकी ठिकाने तबाह किए गए थे।
लश्कर, जैश और हिजबुल के ठिकाने बने थे निशाना
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने Lashkar-e-Taiba, Jaish-e-Mohammed और Hizbul Mujahideen से जुड़े आतंकी ढांचों पर हमला किया था।सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए थे। भारतीय सेना ने इसे आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक जवाब बताया था।
संस्कृत श्लोक से सेनाओं के पराक्रम को नमन

PM मोदी ने X पर संस्कृत श्लोक साझा करते हुए भारतीय सेनाओं के पराक्रम को सलाम किया। उन्होंने लिखा-“उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत। यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्…”इसका अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस सेना के सैनिक ऊंचे मनोबल और मजबूत संसाधनों से लैस हों, उसकी विजय निश्चित होती है।एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक नीति, सेनाओं की सटीकता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ताकत को दुनिया के सामने रखा।
कैसे चुना गया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम
8 मई 2025 को सेना के आधिकारिक बयान में बताया गया था कि ऑपरेशन के लिए पांच नामों पर चर्चा हुई थी। अंतिम दौर में ‘ऑपरेशन मंगलसूत्र’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम चुने गए।पहलगाम हमले में कई महिलाओं ने अपने पति खो दिए थे। इसी भावनात्मक और राष्ट्रीय प्रतीक को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम को मंजूरी दी थी।
सेना और आत्मनिर्भर भारत पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारतीय सेनाओं के बीच बढ़ते तालमेल और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता को भी साबित किया।उन्होंने दोहराया कि भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले पूरे नेटवर्क को खत्म करने के अपने संकल्प पर पहले की तरह अडिग है।