जून 2026 से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है। पेट्रोल-डीजल एक्सपोर्ट ड्यूटी, सोलर पैनल नियम और चेन्नई लोकल ट्रेन टाइमटेबल समेत 4 बड़े बदलाव लागू हुए हैं।
जून महीने की शुरुआत के साथ ही कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका असर आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक पर पड़ सकता है। सबसे बड़ा झटका कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के रूप में लगा है। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल और एटीएफ पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में बदलाव, चेन्नई की लोकल ट्रेनों का नया टाइमटेबल और सोलर पैनलों के लिए नए नियम भी आज से लागू हो गए हैं।
कॉमर्शियल LPG सिलेंडर 53.50 रुपए तक महंगा
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 53.50 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में इसकी कीमत 3071.50 रुपए से बढ़कर 3113.50 रुपए हो गई है।
प्रमुख शहरों में नई कीमतें
-
दिल्ली: 3113.50 रुपए
-
कोलकाता: 3255.50 रुपए
-
मुंबई: 3067.50 रुपए
-
चेन्नई: 3283.00 रुपए
कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग व्यवसाय की लागत बढ़ सकती है, जिसका असर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
5 किलो का छोटू सिलेंडर भी महंगा
5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत 11 रुपए बढ़कर 821.50 रुपए हो गई है। पहले इसकी कीमत 810.50 रुपए थी। इस सिलेंडर का उपयोग मुख्य रूप से प्रवासी मजदूर, छात्र और छोटे दुकानदार करते हैं।हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पेट्रोल, डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती
केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटा दी है।
इससे रिफाइनरी कंपनियों को फायदा मिलेगा, जबकि घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर तत्काल कोई असर नहीं पड़ेगा।
चेन्नई की 200 से ज्यादा लोकल ट्रेनों का समय बदला
सदर्न रेलवे ने चेन्नई बीच-तांबरम-चेंगलपट्टू रेल कॉरिडोर पर चलने वाली 200 से अधिक लोकल ट्रेनों का नया टाइमटेबल लागू कर दिया है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के रूटीन में बदलाव आएगा।
सोलर पैनलों के लिए नए नियम लागू
अब रूफटॉप सोलर और नेट-मीटरिंग परियोजनाओं में केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त निर्माताओं के सोलर पैनलों का ही उपयोग किया जा सकेगा।इस कदम से प्रमाणित और बेहतर गुणवत्ता वाले सोलर पैनलों की मांग बढ़ेगी। शुरुआती लागत थोड़ी बढ़ सकती है, लेकिन उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता और लंबी वारंटी का लाभ मिलेगा।
जून में 11 दिन बैंक बंद रहेंगे
रिजर्व बैंक के कैलेंडर के अनुसार जून महीने में देश के विभिन्न राज्यों में कुल 11 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें 4 रविवार, दूसरा और चौथा शनिवार तथा अलग-अलग राज्यों के 5 स्थानीय अवकाश शामिल हैं।