यूपी का बांदा लगातार 8वें दिन 47°C से ऊपर रहा। देशभर में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर, पंजाब में स्कूल और सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग बदली, मानसून अभी केरल तट पर अटका।
देशभर में नौतपा के बीच भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना समेत कई राज्य झुलसा देने वाली गर्मी की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य भारत में इस समय गर्मी का सबसे खतरनाक दौर चल रहा है।
उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार 8वें दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 47°C से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं विदर्भ का ब्रह्मपुरी भी सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।
खजुराहो और नौगांव भी सबसे गर्म शहरों में शामिल
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का खजुराहो 47.2°C तापमान के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं नौगांव में 46.8°C तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।प्रदेश के निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और छतरपुर जैसे इलाकों में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।
पंजाब में स्कूल और सरकारी दफ्तरों का समय बदला
बढ़ती गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया है। अब सरकारी स्कूल और दफ्तर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे।चंडीगढ़ प्रशासन ने भी समर कैंपों में आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगा दी है ताकि बच्चों को लू और तेज धूप से बचाया जा सके।
मानसून केरल तट पर अटका
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मानसून अभी केरल तट से करीब 30-35 किलोमीटर दूर अटका हुआ है। पिछले तीन दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है।हालांकि केरलम, तमिलनाडु और कर्नाटक के तटीय इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन मानसून के आगे बढ़ने की सभी जरूरी परिस्थितियां अभी पूरी नहीं हो पाई हैं।
अगले दो दिन हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 और 28 मई के लिए कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
27 मई का अलर्ट
-
राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में लू चलने की संभावना।
-
बिहार, केरलम, असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट।
-
तेलंगाना, झारखंड और आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना।
28 मई का अलर्ट
-
राजस्थान, यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और तेलंगाना में हीटवेव जारी रहने की आशंका।
-
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट।
-
बिहार, पश्चिम बंगाल और यूपी में 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कई राज्यों में बदला मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देर रात करीब 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। अयोध्या और उन्नाव में बारिश भी हुई। वहीं बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं।छत्तीसगढ़ के रायपुर में तापमान 45.7°C तक पहुंच गया, जबकि राजनांदगांव 46.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
नौतपा में स्वास्थ्य को लेकर अलर्ट
विशेषज्ञों ने नौतपा के दौरान लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को ठंडा रखने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों में हीट स्ट्रोक का खतरा ज्यादा बताया गया है।