INDIA ब्लॉक की बैठक से पहले विपक्षी दलों में मतभेद बढ़े। डीएमके और आप ने दूरी बनाई। वहीं, सीपीआई (M) ने कांग्रेस पर सवाल उठाए और JMM भी नाराज दिखा।
नई दिल्ली। INDIA ब्लॉक की प्रस्तावित बैठक से ठीक पहले विपक्षी गठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। 8 जून को होने वाली इस अहम बैठक से पहले कई सहयोगी दलों की नाराजगी ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। डीएमके के बैठक से दूरी बनाने और सीपीआई (M) की तीखी प्रतिक्रिया के बाद गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सीपीआई (एम) ने कांग्रेस पर उठाए सवाल
सीपीआई (M) महासचिव एम.ए. बेबी ने कांग्रेस नेतृत्व को पत्र लिखकर गंभीर आपत्तियां जताई हैं। उनका कहना है कि केरल में कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोप गठबंधन की मूल भावना के खिलाफ हैं। पार्टी ने कहा कि विपक्षी एकता का उद्देश्य BJP के खिलाफ साझा लड़ाई है, ऐसे में सहयोगी दलों पर ही संदेह जताना गलत संकेत देता है।
डीएमके और आप ने बनाई दूरी
सूत्रों के मुताबिक तमिलनाडु की DMK ने इस बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी बैठक में शामिल न होने का संकेत दिया है। इससे विपक्षी गठबंधन के भीतर समन्वय और रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जेएमएम भी कांग्रेस से नाखुश
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा अपने उम्मीदवार उतारने के फैसले से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी असंतुष्ट बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य की दोनों सीटों पर अपना दावा मजबूत मान रही थी। लेकिन कांग्रेस के कदम से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं।
बैठक में बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना
दिल्ली में होने वाली इस बैठक में ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कुछ प्रमुख दलों की अनुपस्थिति ने इस बैठक की अहमियत और चुनौती दोनों बढ़ा दी है।
गठबंधन पर बयानबाजी जारी
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि विपक्षी गठबंधन में किसी बड़े टूटने की बात नहीं है और सहयोगी दलों के बीच संवाद जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर नए राजनीतिक समीकरण बन रहे हैं।