गाजियाबाद में छात्र सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। इलाके में तनाव और सुरक्षा बढ़ाई गई।
गाजियाबाद। छात्र सूर्या चौहान हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी असद को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया है। घटना के बाद वसुंधरा इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब 4 बजे असद शहर से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे घेर लिया और रुकने का इशारा किया. बताया जा रहा है कि रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें असद घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है।
सूर्या हत्याकांड: क्या था मामला

यह मामला 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या से जुड़ा है, जिसकी हत्या बकरीद के दिन की गई थी।CCTV और गवाहों के अनुसार असद ने सूर्या को फोन कर बुलाया था। पहले से रची गई साजिश के तहत उसे घेर लिया गया। इसके बाद चाकू से उस पर कई वार किए गए।गंभीर हालत में इलाज के दौरान सूर्या की मौत हो गई।आरोप है कि हमले से पहले असद ने सूर्या से कहा था “क्या कभी बकरा हलाल होते देखा है?”
एनकाउंटर के बाद परिजनों की प्रतिक्रिया
एनकाउंटर के बाद सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें आरोपी के मारे जाने की तस्वीर या पुष्टि दिखाई जानी चाहिए, तभी वे इसे स्वीकार करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों पर भी इसी तरह सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बाकी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात की साजिश पहले से किस स्तर पर रची गई थी और इसमें कौन-कौन शामिल था।