दिल्ली के विवेक विहार में चार मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। शॉर्ट सर्किट और AC ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। 15 लोगों का रेस्क्यू किया गया।
दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

हादसा सुबह करीब 3:47 बजे हुआ, जब एक फ्लैट में कथित तौर पर AC में धमाका होने के बाद आग तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गई। फायर विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है, लेकिन कूलिंग और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
AC ब्लास्ट से शुरू हुई तबाही
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से शुरू हुई, जहां AC में ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद आग तेजी से तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई।फायर अधिकारियों का कहना है कि आग के सही कारण की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही होगी, लेकिन शुरुआती जांच AC ब्लास्ट की ओर इशारा कर रही है।

धुएं के बीच जिंदगी की तलाश
फायर कंट्रोल रूम को सुबह 3:47 बजे सूचना मिली, जिसके बाद 14 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। राहत दल ने धुएं और आग के बीच 12 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है क्योंकि कुछ लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।

कई शवों की पहचान अभी नहीं
फायर कर्मियों के अनुसार, कुछ शव बिस्तर पर मिले हैं, जबकि कई की पहचान अभी नहीं हो पाई है क्योंकि हालत बेहद खराब है।पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इमारत में फायर सेफ्टी नियमों का पालन हुआ था या नहीं।