दिल्ली में सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा हुआ। सांसद ने चाकू लेकर हमला करने की कोशिश का दावा किया। पुलिस पूरे घटनाक्रम और वीडियो फुटेज की जांच कर रही है।
नई दिल्ली। बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कर रहे थे। इस दौरान विवाद इतना बढ़ा कि उनके समर्थकों और विरोधियों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई। इश दौरान सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति चाकू लेकर उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था।
घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लिया और पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया। फिलहाल चाकू लेकर आने दावे की पुष्टि नहीं हुई और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिगड़ा माहौल
बता दें कि सांसद पप्पू यादव ने अपने संसद पर किए विरोध प्रदर्शन और अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देने के लिए मीडिया से बात कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने सवाल उठाने शुरू किए। देखते ही देखते नारेबाजी शुरू हो गई और समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी बहस धक्का-मुक्की में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सांसद ने हमले का लगाया आरोप
हंगामे के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर उनकी ओर बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि समर्थकों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। उन्होंने इसे अपने खिलाफ सोची समझी साजिश बताया। हालांकि इस दावे पर अभी पुलिस की ओर से कोई ऑफिशियल पुष्टि नहीं की गई है। जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। हालांकि जांच से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने सांसद को सुरक्षा घेरे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
वीडियो फुटेज की हो रही जांच
सांसद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल के वीडियो फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित संदिग्ध के पास वास्तव में कोई हथियार था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
संसद प्रदर्शन के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ा
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस संसद परिसर में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद बुलाई थी। पप्पू यादव ने उस प्रदर्शन में साधु वेश धारण कर अयोध्या में चंदा मामले को लेकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया था। वहीं, राहुल गांधी समेत कई नेता प्रतिकात्मक रूप से दान करते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वाराणसी में उनके और राहुल गांधी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में शिकायत दर्ज हुई। इसके आधार पर एफआईआर भी दर्ज की गई। उसी विवाद पर अपना पक्ष रखने के दौरान यह नया घटनाक्रम सामने आया।