Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > देश

Census 2027: 40 Questions Explained

Census 2027: जनगणना 2027 में पूछे जाएंगे 40 सवाल, जाति से डिजिटल पहचान तक जुटेगी जानकारी

जनगणना 2027 में कौन-कौन सी जानकारी ली जाएगी इसका खुलासा हो गया है। जनता से ये 40 सवाल पूछे जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जो लिस्ट जारी की है उसके कुछ सवाल स्वाभाविक तो कुछ दिलचस्प हैं।


census 2027 जनगणना 2027 में पूछे जाएंगे 40 सवाल जाति से डिजिटल पहचान तक जुटेगी जानकारी

Census 2027 |

नई दिल्ली। जनगणना 2027 की तैयारी के बीच केंद्र सरकार ने उन सवालों की सूची जारी कर दी है। इनके जरिए देश की आबादी और लोगों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति की विस्तृत तस्वीर तैयार की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में कुल 40 सवाल शामिल हैं।

इस बार जनगणना केवल यह पता लगाने तक सीमित नहीं रहेगी कि देश में कितने लोग रहते हैं। इसमें व्यक्ति की पहचान, परिवार, शिक्षा, रोजगार, प्रवास, महिलाओं की स्थिति, वित्तीय पहुंच और डिजिटल पहचान से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी। खास बात यह है कि पहली बार जाति से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी। 40 सवालों में से दो सवाल जाति से जुड़े हैं।

रोजगार से जुड़े सबसे ज्यादा आठ सवाल

जनगणना के सवालों में सबसे बड़ा हिस्सा रोजगार और कामकाज से जुड़ा है। इस श्रेणी में कुल आठ सवाल रखे गए हैं। इनके जरिए यह जानकारी जुटाने की कोशिश होगी कि व्यक्ति ने पिछले साल काम किया था या नहीं। इसके अलावा आर्थिक गतिविधि, पेशा, उद्योग, व्यापार या सेवा, कामगार की श्रेणी और गैर-आर्थिक गतिविधि से संबंधित जानकारी भी पूछी जाएगी। काम की तलाश कर रहे लोगों के बारे में भी सवाल होगा। साथ ही यह जानने की कोशिश की जाएगी कि व्यक्ति अपने काम की जगह तक किस माध्यम से पहुंचता है।

महिलाओं से जुड़े तीन अहम सवाल

जनगणना में महिलाओं से संबंधित जानकारी के लिए तीन खास सवाल रखे गए हैं। प्रश्न संख्या 31, 32 और 33 के तहत महिलाओं से उनके बच्चों से जुड़ी जानकारी मांगी जाएगी। इनमें पूछा जाएगा कि वर्तमान में कितने बच्चे जीवित हैं, जीवन में कुल कितने बच्चे पैदा हुए और पिछले एक साल के दौरान कितने बच्चों का जन्म हुआ।

लोग एक जगह से दूसरी जगह क्यों गए?

जनगणना 2027 में प्रवास यानी लोगों के एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने की वजह को भी दर्ज किया जाएगा। इसके लिए प्रश्न संख्या 26 से 30 तक कुल पांच सवाल होंगे। इन सवालों में जन्मस्थान, पिछला निवास स्थान, प्रवास का कारण, वर्तमान स्थान पर रहने की अवधि और स्थायी पते से जुड़ी जानकारी ली जाएगी। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि लोग कहां से आए, कहां रह रहे हैं और उन्होंने अपना स्थान बदलने का फैसला क्यों किया।

डिजिटल पहचान पर भी रहेगा फोकस

जनगणना 2027 में डिजिटल पहचान और वित्तीय पहुंच से संबंधित जानकारी भी प्रमुखता से शामिल की गई है। साक्षरता के साथ अब डिजिटल साक्षरता के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। कुल छह सवाल ऐसे हैं, जो नागरिकों की डिजिटल और वित्तीय पहचान से जुड़े हैं। इनमें व्यक्ति के पास मौजूद बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी नंबर, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता जैसी जानकारी शामिल है।

व्यक्ति की पूरी सामाजिक तस्वीर जुटाने की कोशिश

40 सवालों का दायरा देखने पर साफ है कि जनगणना 2027 में सिर्फ आबादी की गिनती नहीं होगी। व्यक्ति कौन है, उसके परिवार की स्थिति क्या है, वह कितना पढ़ा-लिखा है, क्या काम करता है, कहां से आया, वर्तमान स्थान पर क्यों रह रहा है और उसके पास कौन-कौन से पहचान व जरूरी दस्तावेज उपलब्ध हैं—इन पहलुओं से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी। जाति, रोजगार, प्रवास, महिलाओं से जुड़ी जानकारी और डिजिटल-फाइनेंशियल पहचान को शामिल किए जाने से इस बार की जनगणना का दायरा पहले की तुलना में काफी व्यापक नजर आ रहा है।

Related to this topic: