बिहार के सासाराम स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में अचानक आग लग गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, ट्रेन रद्द कर जांच शुरू हुई।
बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी D3 में अचानक आग लग गई। घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और रवाना होने वाली थी। आग लगते ही यात्रियों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग की वजह माना जा रहा है।
ट्रेन खुलने से पहले उठीं आग की लपटें

जानकारी के मुताबिक भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 53212) सुबह करीब 6:45 बजे सासाराम स्टेशन से रवाना होने वाली थी। इसी दौरान D3 जनरल बोगी से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही मिनटों में बोगी के अंदर से तेज जलने की गंध आने लगी और फिर आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इससे यात्रियों में डर फैल गया और लोग जान बचाने के लिए तुरंत ट्रेन से उतरने लगे।
सामान छोड़कर भागे यात्री
आग लगने के बाद कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर प्लेटफॉर्म की ओर भागे। जिस कोच में आग लगी थी, उसके आसपास की बोगियों में बैठे लोग भी घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए। स्टेशन पर मौजूद लोगों के मुताबिक कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
एक घंटे में आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रेलवे अधिकारियों ने आग लगी बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया है। इसके बाद ट्रेन संचालन को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को फिलहाल रद्द कर दिया गया।
RPF ने जांच शुरू की
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है, लेकिन शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका है। अधिकारी ने यह भी बताया कि हादसे में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एक दिन पहले राजधानी एक्सप्रेस में भी लगी थी आग
इस घटना से एक दिन पहले रविवार को त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में भी आग लग गई थी। रतलाम जिले के आलोट के पास राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच B-1 में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी।उस हादसे में भी रेलवे कर्मचारियों और बचाव दल ने समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। लगातार दो दिनों में ट्रेन में आग लगने की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।