भारत भर में मानसून की भारी बारिश से बड़ी तबाही हुई है। जम्मू में बादल फटने से 8 मौतें, और उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है।
देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में भारी बारिश आफत बनकर बरस रही है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ और किश्तवाड़ में बादल फटने तथा राजौरी में फ्लैश फ्लड की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। पुंछ में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं। राजौरी में तेज बहाव में करीब 200 से 250 वाहन बह गए। उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे केदारनाथ यात्रा मार्ग प्रभावित हो गया। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजौरी में फ्लैश फ्लड, पुंछ-किश्तवाड़ में तबाही
शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मूसलाधार बारिश के बाद धारहाल नदी उफान पर आ गई। फ्लैश फ्लड से न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में पानी भर गया और 200 से अधिक वाहन बह गए। वहीं पुंछ में रातभर हुई भारी बारिश से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि किश्तवाड़ जिले के डच्छन क्षेत्र में बादल फटने से मकानों और खेती को भारी नुकसान पहुंचा है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, केदारनाथ और कैलाश यात्रा प्रभावित
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों का संचालन रोक दिया गया है। वहीं पिथौरागढ़ के गरबाधार में रास्ता बंद होने से कैलाश-मानसरोवर यात्रा का एक जत्था धारचूला बेस कैंप में रोकना पड़ा।
14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रविवार और अगले दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय सहित कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
अरुणाचल में बाढ़ से डेढ़ लाख लोग प्रभावित
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, 29 लोग घायल हुए हैं और करीब 1.49 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के 26 जिले, 328 सर्किल और 576 गांव मानसून की मार झेल रहे हैं।
गृह मंत्री ने लिया हालात का जायजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।