केंद्र सरकार ने 5KG LPG सिलेंडर की डेली लिमिट दोगुनी कर दी है। प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए राहत, अब बिना एड्रेस प्रूफ भी खरीद सकेंगे छोटा सिलेंडर।
केंद्र सरकार ने छोटे गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की डेली सप्लाई लिमिट दोगुनी कर दी गई है। यह कदम खास तौर पर प्रवासी मजदूरों और छात्रों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बढ़ती मांग और सप्लाई दबाव के बीच फैसला
सरकार ने 2-3 मार्च की औसत बिक्री के आधार पर अतिरिक्त सप्लाई देने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था पहले से तय 20% अतिरिक्त लिमिट से अलग होगी। पश्चिम एशिया में तनाव और वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने के चलते यह कदम उठाया गया है।
बिना एड्रेस प्रूफ भी मिलेगा सिलेंडर
सरकार ने 5KG LPG सिलेंडर खरीदने के नियमों को भी आसान बना दिया है। अब उपभोक्ताओं को एड्रेस प्रूफ देने की जरूरत नहीं होगी। केवल एक वैध फोटो आईडी दिखाकर सिलेंडर खरीदा जा सकेगा।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, यह सुविधा उन लोगों के लिए खास तौर पर उपयोगी है, जो कामकाज के लिए दूसरे शहरों में रहते हैं और जिनके पास स्थायी पता नहीं होता।
आसान दस्तावेज और तुरंत डिलीवरी
ग्राहक आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी दिखाकर आसानी से सिलेंडर ले सकते हैं। किसी तरह की सिक्योरिटी राशि जमा करने की बाध्यता भी खत्म कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद भरा हुआ सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
कहां से खरीद सकते हैं छोटा सिलेंडर
5 किलो वाला LPG सिलेंडर अब कई स्थानों पर आसानी से उपलब्ध है। इनमें गैस एजेंसियां जैसे Indane, HP Gas और Bharatgas में मिलेगा। वहीं, पेट्रोल पंप और ऑयल कंपनियों के रिटेल आउटलेट पर उपलब्ध है। इसके अलावा चुनिंदा किराना स्टोर और सुपरमार्केट में भी आसानी से मिल जाएगा।
रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची गैस की मांग
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 23 मार्च से अब तक करीब 6.6 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। वहीं, 4 अप्रैल को अकेले 90 हजार यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई। एक दिन में 51 लाख से ज्यादा घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी भी की गई, जिसमें 95% बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हुई।
प्रवासियों के लिए विशेष सुविधा
काम के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों की मदद के लिए चुनिंदा आउटलेट्स पर विशेष हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। ये उपभोक्ताओं को नजदीकी डिस्ट्रीब्यूटर की जानकारी देने और सिलेंडर उपलब्ध कराने में मदद करेंगे।
कैसे खरीदें 5KG LPG सिलेंडर
नजदीकी गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप या स्टोर पर जाएं
एक वैध फोटो-ID दिखाएं
आवश्यक भुगतान करें
तुरंत भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त करें
रिफिल के लिए खाली सिलेंडर देकर नया सिलेंडर लें
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब घरेलू गैस की मांग तेजी से बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरतमंद वर्ग को आसान और सुलभ तरीके से ईंधन उपलब्ध हो सके।