Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > मनोरंजन

रामायण का ट्रेलर रिलीज

'रामायण' का ट्रेलर रिलीज: ब्रह्म मुहूर्त में लॉन्च, रणबीर-यश के लुक ने बटोरी सुर्खियां

नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज। रणबीर कपूर राम, यश रावण के रूप में दिखे। अरुण गोविल दशरथ के रूप में लौटे। फिल्म दिवाली 2026 पर रिलीज होगी।


रामायण का ट्रेलर रिलीज ब्रह्म मुहूर्त में लॉन्च रणबीर-यश के लुक ने बटोरी सुर्खियां

मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का पहला ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। मेकर्स ने इसे गुरुवार सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में दुनिया भर के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लॉन्च किया। ट्रेलर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म की चर्चा तेज हो गई, जहां रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के किरदारों को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आएगा।

ट्रेलर में दिखी भव्यता, कलाकारों के लुक चर्चा में

ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम के शांत और मर्यादित स्वरूप में नजर आए हैं। साई पल्लवी माता सीता के रूप में सादगी और गरिमा के साथ दिखाई दी हैं, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में प्रभाव छोड़ते हैं।सबसे ज्यादा चर्चा यश के रावण अवतार की हो रही है। उनके दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और लुक ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। वहीं, 1987 की चर्चित टीवी रामायण में भगवान राम की भूमिका निभा चुके अरुण गोविल इस बार राजा दशरथ के किरदार में दिखाई देंगे।

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सकारात्मक और आलोचनात्मक दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।कई यूजर्स ने फिल्म की भव्यता, विजुअल्स और कलाकारों की कास्टिंग की तारीफ करते हुए इसे बड़े पर्दे का शानदार अनुभव बताया। वहीं कुछ दर्शकों ने कहा कि ट्रेलर में भावनात्मक पक्ष की तुलना में विजुअल इफेक्ट्स पर ज्यादा जोर दिया गया है।कुछ लोगों ने यश और साई पल्लवी के हिंदी संवादों पर भी सवाल उठाए, जबकि कई दर्शकों ने साई पल्लवी के सीता रूप और यश के रावण अवतार की खुलकर सराहना की।

ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज करने की खास वजह

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने पहले ही बताया था कि ट्रेलर को ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज करने का फैसला धार्मिक मान्यता को ध्यान में रखते हुए लिया गया। हिंदू परंपरा में सुबह 4 से 5 बजे के बीच का समय नए और शुभ कार्य की शुरुआत के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।

दमदार स्टारकास्ट के साथ बनेगी दो भागों में

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

ए.आर. रहमान और हैंस जिमर पहली बार साथ

फिल्म का संगीत भी इसकी बड़ी खासियत माना जा रहा है। ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर पहली बार किसी भारतीय फिल्म के लिए साथ काम कर रहे हैं। बैकग्राउंड स्कोर और म्यूजिक को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता है।

4000 करोड़ के बजट का मेगा प्रोजेक्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भागों में बन रही 'रामायण' का कुल बजट करीब ₹4,000 करोड़ बताया जा रहा है। इसी के साथ यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स का काम ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG संभाल रही है, जबकि पोस्ट-प्रोडक्शन का काम अंतिम चरण में है।

अब बॉक्स ऑफिस पर होगी असली परीक्षा

ट्रेलर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। हालांकि अंतिम फैसला रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन तय करेगा। फिलहाल दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाले पहले भाग का इंतजार शुरू हो चुका है।

Related to this topic: