Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > मनोरंजन

फिल्म 'फौजी' की शूटिंग में कीड़े के काटने से हादसा

'फौजी' के सेट पर हादसा! कीड़े के काटने से अस्पताल पहुंचे राजेश शर्मा, जांच की उठी मांग

रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान हुई घटना, फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान कीड़े के काटने से अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत बिगड़ी। अस्पताल में भर्ती अभिनेता के मामले में AICWA ने जांच की मांग की।


फौजी के सेट पर हादसा कीड़े के काटने से अस्पताल पहुंचे राजेश शर्मा जांच की उठी मांग

हैदराबाद। बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान उन्हें किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। अब इस मामले में ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने हाई-लेवल जांच की मांग की है।

ऐसे बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, शूटिंग पूरी होने के बाद राजेश शर्मा सेट पर मौजूद लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे मामूली समझा और इलाज नहीं कराया। करीब छह घंटे बाद उनके पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बावजूद वह फ्लाइट से कोलकाता रवाना हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार और बेचैनी महसूस हुई। अगले दिन हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कैसी है हालत?

रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता को तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत और पैर में तेजी से फैल रहे संक्रमण की शिकायत है। बताया जा रहा है कि संक्रमण पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल चुका है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

AICWA ने उठाए गंभीर सवाल

घटना के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने तेलंगाना सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। एसोसिएशन ने पूछा है 

  • क्या शूटिंग सेट पर इमरजेंसी मेडिकल सुविधा मौजूद थी?
  • क्या अभिनेता को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया?
  • क्या शूटिंग के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया?

एसोसिएशन का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।