'मिर्जापुर द मूवी' ने पहले वीकेंड में 79.58 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने तीसरे दिन 21.83 करोड़ रुपये कमाए, जबकि पहले दिन 25.75 करोड़ और दूसरे दिन 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
मनोरंजन। वेब सीरीज की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी 'मिर्जापुर'अब बड़े पर्दे पर भी दर्शकों के बीच जमकर भौकाल मचा रही है। 'मिर्जापुर द मूवी' ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही शानदार शुरुआत की है। रिलीज होने पहले ही वीकेंड में इसकी कमाई लगातार बढ़ती नजर आई। शुक्रवार को दमदार ओपनिंग के बाद शनिवार को कारोबार में इजाफा हुआ और रविवार को भी फिल्म ने अच्छी कमाई की।
पहले दिन 25.75 करोड़ की शानदार ओपनिंग
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को 25.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद शनिवार को फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला। दूसरे दिन 'मिर्जापुर द मूवी' ने करीब 32 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह दो दिनों में फिल्म की कमाई 57 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गई थी।
तीसरे दिन कितने करोड़ कमाए?
रविवार की छुट्टी का फायदा भी फिल्म को मिला। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे दिन यानी रविवार को 'मिर्जापुर द मूवी' ने21.83 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 79.58 करोड़ रुपये हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई किस रफ्तार से आगे बढ़ती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।
'मिर्जापुर' का वही पुराना भौकाल, बड़े पर्दे पर नया अंदाज
ओटीटी पर 'मिर्जापुर' की कहानी और किरदारों ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। अब इसी दुनिया को बड़े पर्दे पर फिल्म के रूप में पेश किया गया है। फिल्म में पुराने चर्चित किरदारों के साथ कुछ नए चेहरे भी नजर आ रहे हैं। कहानी में मिर्जापुर की गद्दी को लेकर संघर्ष और सत्ता की जंग एक बार फिर देखने को मिलती है।
पंकज त्रिपाठी से रवि किशन तक, दमदार स्टारकास्ट
'मिर्जापुर द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जीतेंद्र, रवि किशन, रसिका दुग्गल, कुलभूषण खरबंदा और श्वेता त्रिपाठी समेत वेब सीरीज से जुड़े कई कलाकार नजर आ रहे हैं। फिल्म में रवि किशन बब्बन यादव के किरदार में दिखाई दे रहे हैं, जबकि मोहित मलिक बिरजू लोहार की भूमिका में नजर आए हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी मिर्जापुर की गद्दी और उसके लिए चल रही सत्ता की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है। बब्बन बबुआ यानी रवि किशन का किरदार कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी और उनके बेटे मुन्ना यानी दिव्येंदु को रास्ते से हटाकर मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जा करना चाहता है। गद्दी हासिल करने की इस जंग में कई ट्विस्ट और टर्न आते हैं, जो कहानी को आगे बढ़ाते हैं। अब फिल्म ने पहले वीकेंड में करीब 79.58 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। आने वाले दिनों में यह फिल्म 100 करोड़ के आंकड़े तक कितनी जल्दी पहुंचती है, यह देखना दिलचस्प होगा।