बुमराह की जीत पर उनकी पत्नी संजना भावुक हो गईं, बोलीं कि गर्व होता है कि बेटा अपने पिता के साथ मैदान में भारतीय राष्ट्रगान के लिए खड़ा हुआ..
भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की हर तरफ तारीफ हो रही है। इसी बीच उनकी पत्नी और स्पोर्ट्स एंकर संजना गणेशन ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी खुशी और गर्व जाहिर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
यकीन ही नहीं होता
संजना ने अपने पोस्ट में लिखा कि अगर कुछ साल पहले किसी ने उनसे कहा होता कि वह एक दिन इस तरह का पल जीएंगी, तो शायद उन्हें यकीन ही नहीं होता। उन्होंने कहा कि एक भारतीय के रूप में अपनी टीम को वर्ल्ड कप जीतते देखना बेहद गर्व की बात है। वहीं एक पत्नी के तौर पर वह रोज़ अपने पति की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को देखती हैं। बुमराह की सफलता किसी शॉर्टकट का नतीजा नहीं बल्कि लगातार की गई मेहनत का फल है।

राष्ट्रगान के लिए खड़ा हुआ बेटा
उन्होंने अपने परिवार से जुड़ी एक खास याद भी साझा की। संजना ने बताया कि 2024 में केनिंग्टन ओवल में उन्होंने अपने बेटे को गोद में उठाकर मैदान में कदम रखा था, क्योंकि उस समय वह चल नहीं पाता था। लेकिन दो साल बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वही बेटा अपने पिता के साथ मैदान में भारतीय राष्ट्रगान के लिए खड़ा हुआ। संजना ने इसे अपने परिवार की “कोर मेमोरी” बताया।

इस पल का हिस्सा बनना गर्व की बात है
संजना ने यह भी कहा कि एक ब्रॉडकास्टर के रूप में इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने काम का हर दिन खास लगता है और इतिहास के इस पल का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

सोशल मीडिया पर क्यों ट्रोल हुई संजना?
बता दें कि संजना गणेशन और जसप्रीत बुमराह ने साल 2021 में शादी की थी। शादी के करीब दो साल बाद 2023 में उनके बेटे अंगद का जन्म हुआ। मां बनने के बाद बढ़े वजन को लेकर संजना को सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया था, लेकिन उन्होंने ऐसे लोगों को करारा जवाब देते हुए कहा था कि किसी महिला या उसके बच्चे पर टिप्पणी करना बेहद गलत है।

स्पोर्ट्स एंकर संजना गणेशन
स्पोर्ट्स एंकर बनने से पहले संजना मॉडलिंग की दुनिया में काम कर चुकी हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और एमटीवी स्प्लिट्सविला जैसे टीवी शोज़ में भी नजर आ चुकी हैं। बाद में उन्होंने मॉडलिंग छोड़कर स्पोर्ट्स एंकरिंग को अपना करियर बनाया और आज वह इस क्षेत्र का एक जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी हैं।