Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > मनोरंजन

कंगना की फिल्म में अंजलि कुल्थे की कहानी

26/11 हमले की नायिका अंजलि कुल्थे की कहानी अब बड़े पर्दे पर, कंगना की फिल्म में दिखेगी बहादुरी

26/11 हमले में कामा अस्पताल की नर्स अंजलि कुल्थे की बहादुरी अब कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में दिखेगी। जानिए उनकी असली कहानी और कैसे उन्होंने 20 गर्भवती महिलाओं की जान बचाई।


2611 हमले की नायिका अंजलि कुल्थे की कहानी अब बड़े पर्दे पर कंगना की फिल्म में दिखेगी बहादुरी

मुंबई के 26/11 आतंकी हमले की वो रात आज भी देश नहीं भूल पाया है। इसी हमले के दौरान कामा अस्पताल में तैनात नर्स अंजलि कुल्थे ने जो साहस दिखाया, वह अब फिल्मी पर्दे पर नजर आने वाला है। कंगना रनौत की आने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में उनकी इसी बहादुरी की कहानी को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 12 जून को रिलीज होने जा रही है। दरअसल, उस खौफनाक रात में जब आतंकी अस्पताल की ओर बढ़ रहे थे, तब अंजलि कुल्थे ने बिना डरे मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली थी। उनकी यही कहानी आज भी लोगों के लिए प्रेरणा बनी हुई है।  

20 गर्भवती महिलाओं को बचाकर बनीं असली हीरो

26/11 हमले के दौरान अंजलि कुल्थे कामा अस्पताल में ड्यूटी पर थीं। जैसे ही अस्पताल पर खतरे की खबरें पहुंचीं, स्थिति बेहद डरावनी हो गई। गोलियों की आवाजें और अफरा-तफरी के बीच उन्होंने हार नहीं मानी उन्होंने वार्ड में मौजूद करीब 20 गर्भवती महिलाओं को इकट्ठा किया और उन्हें एक छोटी पेंट्री में छिपा दिया। सभी लाइटें बंद कर दी गईं और मोबाइल फोन तक ऑफ कर दिए गए ताकि किसी तरह की आवाज बाहर न जाए। यही फैसला उस वक्त कई जानें बचाने में बेहद अहम साबित हुआ। अगर थोड़ी भी चूक होती, तो हालात और भी भयावह हो सकते थे।

अस्पताल के अंदर भी जारी रहा डर और संघर्ष

हमले के दौरान हालात सिर्फ बाहर ही नहीं, बल्कि अस्पताल के अंदर भी बेहद तनावपूर्ण थे। एक मरीज को अचानक लेबर पेन शुरू हो गया, लेकिन बाहर गोलीबारी की वजह से डॉक्टर तुरंत वहां नहीं पहुंच पा रहे थे। ऐसे मुश्किल समय में भी अंजलि कुल्थे ने हिम्मत नहीं हारी और सावधानी के साथ मरीज को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। यही वजह है कि उन्हें उस रात की असली हीरो माना जाता है।

कंगना रनौत की फिल्म में दिखेगी प्रेरणादायक कहानी

अब इसी ऐतिहासिक घटना पर आधारित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ दर्शकों के सामने आने वाली है। फिल्म में कंगना रनौत अंजलि कुल्थे से प्रेरित किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। हालांकि, 26/11 जैसे संवेदनशील विषय पर बनी यह फिल्म एक बार फिर उस दर्दनाक रात की यादें ताजा कर रही है। फिल्म के जरिए न सिर्फ अंजलि कुल्थे की बहादुरी सामने आएगी, बल्कि उन अनगिनत लोगों की भी कहानी दिखेगी, जिन्होंने उस रात जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया था।