Home > देश > अटल जी के पार्थिव शरीर पर लिपटा तिरंगा पूरे सैनिक सम्मान के साथ नातिन निहारिका को दिया गया

अटल जी के पार्थिव शरीर पर लिपटा तिरंगा पूरे सैनिक सम्मान के साथ नातिन निहारिका को दिया गया

अटल जी के पार्थिव शरीर पर लिपटा तिरंगा पूरे सैनिक सम्मान के साथ नातिन निहारिका को दिया गया
X

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के अंतिम संस्कार के पहले उनके पार्थिव शरीर पर लिपटा तिरंगा पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनकी नातिन निहारिका को सौंपा गया। अटल बिहारी वाजपेयी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

उनके पार्थिव शरीर को घर से स्मृति स्थल तक तिरंगे में पूरे राजकीय सम्मान के साथ ले जाया गया। वाजपेयी के पार्थिव शरीर को अग्नि को सौंपने के पहले तिरंगे को अलग किया गया और उसे परंपरागत तरीके से मोड़ कर पूरे सैनिक सम्मान के साथ अटल बिहारी वाजपेयी की दत्तक पुत्री नमिता कौल भट्टाचार्य की बेटी निहारिका को सौंपा गया।

किसी खास शख्सियत की मृत्यु पर सरकार राजकीय शोक की घोषणा करती है, जो एक से सात दिनों का होता है। तब उस व्यक्ति का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाता है। जिसमें पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से लपेटा जाता है। सेना के तीनों अंगों की टुकड़ियां सशस्त्र सलामी देती हैं। उसके बाद पार्थिव शरीर को अग्नि देने या दफनाने के पहले राष्ट्रीय ध्वज को पार्थिव शरीर से अलग किया जाता है, और परंपरागत रूप से मोड़कर मृतक के परिजनों को पूरे सैनिक सम्मान के साथ सौंप दिया जाता है। उसके बाद से वो तिरंगा उस परिवार को राष्ट्र द्वारा दी निशानी के तौर पर माना जाता है।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर अटलजी को पूर्ण राजकीय सम्मान और राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति में अंतिम विदाई दी गई। उनकी दत्तक पुत्री नमिता भट्टाचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच करीब 4:55 बजे पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के समय दत्तक पुत्री नमिता, उनके पति रंजन भट्टाचार्य, नमिता की पुत्री निहारिका, लगभग पांच दशक तक वाजपेयी के सहायक रहे शिवकुमार मिश्र व उनके परिवार के निकट सदस्य मौजूद थे।

Updated : 17 Aug 2018 6:17 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top