Home > देश > टांग खिंचाई में जुटे हैं मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के तीन दावेदार

टांग खिंचाई में जुटे हैं मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के तीन दावेदार

टांग खिंचाई में जुटे हैं मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के तीन दावेदार
X

नई दिल्ली/स्वदेश वेब डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में विरोधी मुद्दाविहीन हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के विकास कार्यों से इस प्रकार हताश हैं कि अनर्गल प्रलार कर रहे। उन्होंने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी है कि उनके तीन-तीन मुख्यमंत्री पद के उमीदवार हैं, जो एक दूसरे की टांग खींचने में लगे हैं।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद, महाराष्ट्र की मुंबई उत्तरी, उत्तर प्रदेश की गाजीपुर, राजस्थान की पाली और झारखंड की चतरा लोकसभा सीट के भाजपा कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए संवाद किया और उनके प्रश्नों के भी जवाब दिए।

मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार ने हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों के कल्याण के लिए इतने काम किए हैं, जिन पर सवाल उठाना कांग्रेस के लिए संभव नहीं है। इस कारण कांग्रेस परेशान है और उसकी हालत ऐसी है कि उनके तीन-तीन मुख्यमंत्री पद के उमीदवार हैं, जो एक दूसरे की टांग खींचने में लगे हैं । उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था लेकिन भाजपा की सरकार ने उसे बेमिसाल राज्य में परिवर्तित कर दिया है।

उन्होंने गुजरात की चर्चा करते हुए कहा कि नर्मदा नदी के तट पर बन कर तैयार हुआ लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की विशाल प्रतिमा 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' का निर्माण उनके दिल के बहुत करीब है। पूरे देश की भावनाएं इससे जुड़ी हैं। सरदार पटेल ने देश की अखंडता के लिए बहुत बड़ा कार्य किया था। उन्होंने कांग्रेस पर पटेल का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि कांग्रेस के अन्दर सरदार पटेल के प्रति कितना तिरस्कार और अनादर का भाव था ।

कांग्रेस के नेता स्टेच्यू ऑफ यूनिटी को मेड इन चाइना बताते हैं। कभी वे जूते से इसकी तुलना करते हैं। वे बिना किसी तथ्य के लांछन लगाने में जुटे हैं और इस तरह से वे सरदार पटेल का अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के इस रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि लानत है ऐसी राजनीति पर।

मोदी ने कहा कि जब वह 'सबका साथ, सबका विकास' कहते हैं तो इसका अर्थ सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण है। यह देश के हर वर्ग, हर क्षेत्र के समान विकास की बात तो है ही, हर परिवार के हर सदस्य की बेहतरी की भी अवधारणा है । उन्होंने कहा कि उनके लिए ये गर्व की बात है कि उन्हें जनता की सेवा करने का अवसर मिला और जितनी भी उपलब्धियां हैं, वो सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि सवा सौ करोड़ देशवासियों की भी हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की हमारी जितनी भी योजनाएं हैं, उन सबके मूल में देश के सामान्य जन का कल्याण है। जिस तरह 'यज्ञ' कभी अकेले संभव नहीं होता, एक व्यापक जनसमूह इसका हिस्सा बनता है, ठीक उसी प्रकार समाज और राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में भी अनेकानेक देशवासी अपना सहयोग देते हैं और इसे संभव बनाते हैं।

प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के अलावा अब तक किसी भी पार्टी का इतनी जल्दी इतने बड़े पैमाने पर विस्तार नहीं हुआ है। आज भाजपा कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी कच्छ कामरूप तक फैली हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारी पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जो 24 घंटे सातों दिन निरंतर जन सेवा में जुटी रहती है। ये वो पार्टी नहीं है जो थकने, रुकने या झुकने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा कार्यकर्ताओं की बदौलत ही संभव हो सका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी आज इतने सिमट गए हैं, जिसका कारण उनका अहंकार है और इसलिए वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरने में असफल रहे हैं और परिणामस्वरूप सिमटते जा रहे हैं।

Updated : 17 Oct 2018 8:17 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top