Home > देश > सर्जिकल स्ट्राइक की तरह पाकिस्तान पर भारत की एक और आक्रामक कार्रवाई

सर्जिकल स्ट्राइक की तरह पाकिस्तान पर भारत की एक और आक्रामक कार्रवाई

पाक सेना के एडमिन मुख्यालय पर हमला, कई आतंकी शिविर ध्वस्त

सर्जिकल स्ट्राइक की तरह पाकिस्तान पर भारत की एक और आक्रामक कार्रवाई
X

श्रीनगर। भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पार पाक अधिकृत कश्मीर के हजिरा क्षेत्र में स्थित पाकिस्तानी सेना के प्रशासनिक मुख्यालय को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इस हमले में पाक अधिकृत कश्मीर स्थित 2-3 आतंकी शिविर भी ध्वस्त हो गए। बता दें, 23 अक्टूबर को पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना की 93 इंफेंट्री ब्रिगेड मुख्यालय पर गोलीबारी की थी। बताया जा रहा है कि यह भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई थी। एक खुफिया सूत्र के बताया की तड़के भारतीय सेना ने 120 एमएम मोर्टार और गोला बारूद से 12 राउंड पाक सेना के मुख्यालय पर निशाना साधा। भारतीय सेना की इस कार्रवाई का पाकिस्तानी सेना ने कोई जवाब नहीं दिया। पाकिस्तान सेना का प्रशासनिक मुख्यालय पाक अधिकृत कश्मीर में नियंत्रण रेखा से 18-20 किलोमीटर दूर हजिरा में स्थित है। भारतीय जवानों पर पाकिस्तान की बैट टीम द्वारा 21 अक्टूबर को एक हमला किया गया था। इस हमले में भारतीय सेना के तीन जवान शहीद हुए थे, जबकि एक सैनिक घायल हुआ था। इस कार्रवाई के बाद से ही नियंत्रण रेखा पर भारी तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिसके बाद दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने हॉटलाइन पर हुई वार्ता में नियंत्रण रेखा पर तनाव की स्थिति के विषय में चर्चा भी की थी। 23 अक्टूबर को हुई इस बातचीत के दिन ही पाकिस्तानी सेना के जवानों ने पुंछ और झल्लाह सेक्टर के कई इलाकों में 120 और 182 एमएम मॉर्टार के जरिए भारी गोलाबारी की थी। सेना के इसी ऑपरेशन के बाद सोमवार को इसकी सैटलाइट तस्वीरें सामने आईं हैं।

सीसुब ने उड़ाया था बंकर

इससे पहले भी नियंत्रण रेखा और सीमा पर पाकिस्तानी गोलाबारी के जवाब में भारतीय सुरक्षाबल कई बड़ी कार्रवाई कर चुके हैं। इससे पूर्व मई महीने में भी पाकिस्तान द्वारा नौशेरा सेक्टर के इलाकों में भारी गोलाबारी की गई थी, जिसके बाद 19 मई को सीसुब के जवानों ने यहां एक पाकिस्तानी बंकर को मिसाइल अटैक में उड़ा दिया था। बाद में सीमा सुरक्षा बल की ओर से इसका एक वीडियो भी जारी किया गया था।

2016 को हुई थी पहली सर्जिकल स्ट्राइक

पाकिस्तानी आतंकियों ने 18 सितंबर, 2016 को कश्मीर के उड़ी में सैन्य शिविर पर हमला कर करीब 20 सैनिकों को शहीद कर दिया था। उसके बाद 28 सितंबर की रात को भारतीय सेना ने नौशहरा के कलाल सेक्टर के सामने भिंबर सेक्टर व मेंढर के तत्तापानी सेक्टर के सामने सर्जिकल स्ट्राइक कर कई आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया था। इसके साथ ही कई आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया था।

2018 में हुई दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक

इससे पहले भारत की ओर से सितंबर में पाक के ठिकानों पर हमला किया गया था। भारत की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक की तर्ज पर ये दूसरी बड़ी कार्रवाई थी। इस दौरान एक घंटे से भी कम समय में पाकिस्तानी सेना के कई बंकर तबाह करने और लगभग 15 पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर करने के बाद भारतीय जांबाज सुरक्षित अपने क्षेत्र में लौट आए।

Updated : 30 Oct 2018 11:17 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top