Home > देश > बारिश और बाढ़ का कहर : दस राज्यों में अब तक 1400 से ज्यादा लोगों की गई जान

बारिश और बाढ़ का कहर : दस राज्यों में अब तक 1400 से ज्यादा लोगों की गई जान

बारिश और बाढ़ का कहर : दस राज्यों में अब तक 1400 से ज्यादा लोगों की गई जान
X

नई दिल्ली। देश के 10 राज्यों में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब 1400 से ज्यादा लोगों की जानें चली गई हैं। सोमवार को यह जानकारी देते हुए गृह मंत्रालय ने बताया कि इनमें सबसे ज्यादा केरल में 488 लोगों की जानें गई हैं।

मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया केंद्र (एनईआरसी) के अनुसार, केरल में बारिश और बाढ़ की वजह से 488 लोगों की मौत होने के अलावा राज्य के 14 जिलों में करीब 54.11 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं राज्य भर में बाढ़ से लगभग 14.52 लाख लोग विस्थापित हुए और वे राहत शिविरों में रह रहे हैं। इस दक्षिणी राज्य में 57,024 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर लगी फसल बर्बाद हो गई।

एनईआरसी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 254, पश्चिम बंगाल में 210, कर्नाटक में 170, महाराष्ट्र में 139, गुजरात में 52, असम में 50, उत्तराखंड में 37, ओडिशा में 29 और नगालैंड में 11 लोगों की मौत हो गई। बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के दौरान इन राज्यों में 43 लोग लापता हो गए। इनमें केरल से 15, उत्तर प्रदेश में 14, पश्चिम बंगाल में 5, उत्तराखंड में 6 और कर्नाटक में 3 लोग लापता हो गए, जबकि इन 10 राज्यों में बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 386 लोग घायल हो गए। इन राज्यों में ओडिशा के 30 जिले, महाराष्ट्र के 26 जिले, असम के 25, उत्तर प्रदेश के 23, पश्चिम बंगाल के 23, केरल के 14, उत्तराखंड के 13, कर्नाटक और नगालैंड के 11-11 और गुजरात के 10 जिले बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए।

वहीं, असम में करीब 11.47 लाख लोग बारिश और बाढ़ की चपेट में आए, जबकि राज्य की 27,964 हेक्टेयर जमीन पर लगी फसल बर्बाद हो गई। पश्चिम बंगाल में बारिश और बाढ़ से 2.28 लाख लोग प्रभावित हुए और राज्य की 48,552 हेक्टेयर जमीन पर लगी फसलें बर्बाद हो गईं। उत्तर प्रदेश में बाढ़ से करीब 3.42 लाख लोग प्रभावित हुए और 50,873 हेक्टेयर भूमि पर लगी फसलों को नुकसान पहुंचा है। कर्नाटक में लगभग 3.5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए और राज्य के 3,521 हेक्टेयर जमीन पर लगी फसल बर्बाद हो गई।

Updated : 3 Sep 2018 8:34 PM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top